नारायणगंज क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद
मैली ग्राम पंचायत से केबल और घर के बाहर से मोटरसाइकिल पार
- चोरी की बढ़ती वारदातों से दहशत में ग्रामीण
- टिकरिया थाने में मामला दर्ज कर पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग
मंडला महावीर न्यूज 29. जनपद पंचायत नारायणगंज क्षेत्र में इन दिनों अज्ञात चोरों के हौसले बुलंद हैं। आए दिन हो रही चोरी की वारदातों से स्थानीय लोग खासे परेशान हैं। ताजा मामला ग्राम पंचायत मैली का है, जहां चोरों ने एक ही रात में दो अलग-अलग स्थानों पर चोरी की घटनाओं को अंजाम देकर पुलिस गश्त पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
घर के बाहर से उड़ी बाइक
जानकारी अनुसार ग्राम मैली निवासी भूपेंद्र झरिया ने टिकरिया थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 10 जुलाई की रात उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 20 जेएस 0925 हमेशा की तरह अपने घर के पास खड़ी की थी। सुबह उठकर देखा तो बाइक वहां से गायब थी। अज्ञात चोर रात के अंधेरे में मोटरसाइकिल चुरा ले गए।
पंचायत भवन का तोड़ा ताला, नल-जल योजना की केबल चोरी
चोरों ने न केवल निजी संपत्ति को बल्कि सरकारी संपत्ति को भी अपना निशाना बनाया है। ग्राम पंचायत मैली की ओर से दर्ज कराई गई एक अन्य रिपोर्ट के मुताबिक, अज्ञात चोरों ने पंचायत भवन की खिड़की तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद वे नल-जल योजना के तहत लगी मोटर की कीमती केबल तार काटकर चुरा ले गए। इससे गांव की जल आपूर्ति व्यवस्था भी प्रभावित हुई है।
पुलिस से सख्त कार्रवाई की गुहार
नारायणगंज और इसके आसपास के क्षेत्रों में लगातार हो रही इन चोरियों से ग्रामीणों में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पीडि़तों ने टिकरिया थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज करा दिया है। स्थानीय ग्रामीणों और प्रशासन ने पुलिस विभाग से अपील की है कि जल्द से जल्द इन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए, जिससे क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम हो सके।









