पद्मविभूषण सैयद हैदर रजा की याद में रजा स्मृति 2026 का आगाज
मंडला में चित्रकला और गोंड आर्ट प्रदर्शनी का हुआ शुभारंभ
- 6 दिनों तक मंडला में बिखरेंगे कला और साहित्य के रंग
- चित्रकला कार्यशाला, संगोष्ठी और सांस्कृतिक संध्या का होगा भव्य आयोजन
मंडला महावीर न्यूज 29. भारत के सर्वकालीन महान चित्रकार, पद्मविभूषण से सम्मानित मरहूम सैयद हैदर रजा की पुण्य स्मृति में रज़ा फाउंडेशन द्वारा आयोजित 6 दिवसीय रजा स्मृति 2026 का शनिवार को शुभारंभ हुआ। सैयद हैदर रजा मार्ग स्थित रजा कला वीथिका में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा और कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे ने मंडला जिले के चित्रकारों की चित्रकला व गोंड चित्रशैली प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। अतिथियों ने प्रदर्शनी का भ्रमण कर कलाकारों की कृतियों की सराहना की और उन्हें गुलाब भेंट कर उनका स्वागत किया। इस 6 दिवसीय आयोजन में साहित्य के साथ-साथ कला के विभिन्न रंग देखने को मिलेंगे।

प्रदर्शनी में झलकी स्थानीय प्रतिभा
चित्रकला प्रदर्शनी में जिले के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. अरविंद अग्निहोत्री, पीएल डोंगरे, गजेंद्र सोनी, त्रिलोक सिंधिया सहित कई स्थानीय कलाकारों के चित्र प्रदर्शित किए गए हैं। वहीं गोंड चित्रशैली प्रदर्शनी में सुमन बंदेवार, शशि भलावी, रचना भांवरे, ज्योति उईके समेत अन्य कलाकारों की कृतियां कला प्रेमियों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।

आज से कला प्रेमियों के लिए खास कार्यशालाएं
माटी और छाते पर रंग: कला प्रेमी रजा कला वीथिका पहुंचकर ड्राइंग शीट, गमले, गुल्लक और छाते पर अपनी चित्रकारी कर सकेंगे। इसके लिए सामग्री फाउंडेशन द्वारा उपलब्ध कराई जाएगी। यहां पारंपरिक चाक पर मिट्टी के बर्तन बनाना भी सिखाया जाएगा, जिसमें विशेषज्ञ कलाकार मार्गदर्शन करेंगे। नर्मदा तट स्थित माहिष्मती घाट पर देश भर से आए कई कलाकार लकड़ी पर नक्काशी कर अपनी विशेष कलाकृतियां उकेरेंगे। इसके साथ ही माहिष्मती घाट में सांस्कृतिक संध्या का कार्यक्रम शाम 7.30 बजे से आयोजित किया जाएगा। जिसमें 19 जुलाई को नृत्य एवं गायन की प्रस्तुति। 20 जुलाई को ऋतु वर्मा द्वारा पारंपरिक पंडवानी गायन। 21 जुलाई को अमरदीप सिंह अमर, शहबाज रिजवी और चिराग शर्मा द्वारा उर्दू काव्य पाठ। 22 जुलाई को प्रसिद्ध नृत्यांगना कंकना सिंह द्वारा मणिपुरी नृत्य। 23 जुलाई को पूनम तिवारी द्वारा रंग संगीत की अंतिम प्रस्तुति दी जाएगी।
साहित्य और प्रकृति पर होगी संगोष्ठी
होटल ग्रैंड किंगफिशर में 20, 21 और 22 जुलाई को साहित्य और संसार तथा साहित्य और कलाएं विषय पर एक वृहद संगोष्ठी का आयोजन होगा। इसमें अष्टभुजा शुक्ल, अरुण कमल, सदानन्द शाही, उदयन वाजपेयी सहित देश के कई जाने-माने साहित्यकार और कवि अपनी रचनाएं प्रस्तुत करेंगे।
23 जुलाई को दी जाएगी पुष्पांजलि
गुरुवार 23 जुलाई की सुबह 10 बजे बिंझिया कब्रिस्तान में सैयद हैदर रजा और उनके पिता की कब्र पर स्मृति के कलाकारों व चाहने वालों द्वारा पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। रजा फाउंडेशन के सदस्य सचिव संजीव चौबे ने जिले के सभी कला व साहित्य प्रेमियों से इस आयोजन में शामिल होकर इसे सफल बनाने की अपील की है।










