नैनपुर रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज निर्माण और अस्पताल की बदहाली को लेकर आम आदमी पार्टी का 3 दिवसीय धरना आज से शुरू
एक माह का दिया गया था अल्टीमेटम
- 8 सितंबर तक ओवरब्रिज पर कार्रवाई नहीं हुई तो होगा रेल रोको आंदोलन
- स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर न्यायालय जाने की चेतावनी
मंडला महावीर न्यूज 29. सिवनी-मंडला हाईवे पर नैनपुर स्थित रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज के निर्माण और 100 बिस्तरीय सिविल अस्पताल नैनपुर की लचर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं के विरोध में आम आदमी पार्टी ने मोर्चा खोल दिया है। अपनी पूर्व चेतावनी के अनुरूप पार्टी ने आज 19 जुलाई से तीन दिवसीय धरने की शुरुआत कर दी है।
पार्टी के जिला अध्यक्ष पंकज सोनी के नेतृत्व में 18 जून को अनुविभागीय अधिकारी नैनपुर के माध्यम से रेल मंत्री और मुख्यमंत्री के नाम एक चेतावनीपूर्ण ज्ञापन सौंपा गया था। इसमें मांग की गई थी कि एक महीने के भीतर ओवरब्रिज निर्माण पर कार्रवाई शुरू की जाए। पार्टी का आरोप है कि रेलवे प्रशासन और प्रदेश सरकार द्वारा वर्षों से केवल कोरा आश्वासन दिया जा रहा है। एक माह का समय बीतने के बाद भी कोई ठोस कदम न उठाए जाने पर यह आंदोलन शुरू किया गया है।
21 जुलाई को नगर रैली और रेल रोको की चेतावनी
आम आदमी पार्टी ने आंदोलन की आगामी रूपरेखा स्पष्ट करते हुए बताया है कि 21 जुलाई को पूरे नैनपुर नगर में एक विशाल रैली निकाली जाएगी और प्रशासन को पुन: ज्ञापन सौंपा जाएगा। प्रशासन को कार्रवाई के लिए डेढ़ माह 8 सितंबर तक का अतिरिक्त समय दिया जाएगा। यदि 8 सितंबर तक ओवरब्रिज के निर्माण पर कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाया जाता है, तो उग्र रेल रोको आंदोलन किया जाएगा।
अस्पताल की अव्यवस्था पर न्यायालय जाने की तैयारी
ओवरब्रिज के साथ पार्टी नैनपुर के 100 बिस्तरीय सिविल अस्पताल की लचर स्वास्थ्य सेवाओं का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा रही है। पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा लगातार अस्पताल का भ्रमण कर अव्यवस्थाओं को उजागर किया जा रहा है, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। आप ने चेतावनी दी है कि यदि स्वास्थ्य विभाग द्वारा व्यवस्थाओं में सुधार नहीं किया गया और लापरवाही बरती गई, तो सड़क पर उग्र आंदोलन के साथ-साथ न्यायालय की शरण भी ली जाएगी।









