कोतवाली से महज 500 मीटर दूर चोरों का धावा

कोतवाली से महज 500 मीटर दूर चोरों का धावा

छत के रास्ते दो दुकानों में सेंधमारी, 40 हजार नकद समेत अन्य सामान पार

  • केएम ट्रेडर्स और मां नर्मदा मशीनरी सेंटर को बनाया निशाना
  • सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

मंडला महावीर न्यूज 29. शहर में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब पुलिस थाने के आस-पास भी सुरक्षित नहीं है। गुरुवार देर रात अज्ञात बदमाशों ने लालीपुर तिराहे के पास दो दुकानों को अपना निशाना बनाया। चोर छत के रास्ते दुकानों में घुसे और नकदी सहित अन्य सामान ले उड़े। यह वारदात कोतवाली थाने से महज 500 मीटर की दूरी पर हुई है, जिसने शहर की पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी अनुसार चोरों ने लालीपुर तिराहे पर स्थित केएम ट्रेडर्स और मां नर्मदा मशीनरी सेंटर में सेंधमारी कर चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरों ने गल्ले में रखे करीब 40 हजार रुपये नकद और दुकान में रखा अन्य सामान चुरा लिया। इस दुकान में भी चोरों ने हाथ साफ किया है, हालांकि यहां से कितने का माल गया है, इसका आकलन अभी किया जा रहा है।

पुलिस गश्त पर उठे सवाल 

थाने से चंद कदमों की दूरी पर हुई इस दुस्साहसिक वारदात से स्थानीय व्यापारियों में रोष है और सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। सुबह जब दुकानदारों को घटना की जानकारी लगी, तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस 

सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की सुरागकशी के लिए पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि जल्द से जल्द चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।


 

Leave a Comment