बम्हनी-ढेंको मार्ग: छात्राओं को बचाने के चक्कर में निर्माणाधीन पुलिया में पलटा ट्रैक्टर, टला बड़ा हादसा
- ठेकेदार की लापरवाही: संकरा डायवर्सन बना हादसे का कारण
- सूखे मौसम के बावजूद बंद पड़ा है पुलिया निर्माण
मंडला महावीर न्यूज 29. बम्हनी-ढेंको मार्ग पर नई पुलिया के निर्माण कार्य के दौरान बनाए गए संकरे डायवर्सन के कारण गुरुवार सुबह करीब 10 बजे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां से गुजर रहे एक ट्रैक्टर के सामने अचानक दो स्कूली छात्राएं आ गईं, जिन्हें बचाने के प्रयास में ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर निर्माणाधीन पुलिया में जा पलटा। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ और ट्रैक्टर चालक सहित छात्राएं पूरी तरह सुरक्षित हैं।
संकरा डायवर्सन दे रहा हादसों को न्योता
जानकारी के अनुसार, इस मार्ग की पुरानी पुलिया को तोड़कर निर्माण एजेंसी द्वारा नई पुलिया का निर्माण किया जा रहा है। आवागमन सुचारू रखने के लिए ठेकेदार ने एक अस्थायी कच्चा डायवर्सन बनाया है। ग्रामीणों का आरोप है कि यह डायवर्सन इतना संकरा है कि यहां से बड़े वाहनों का गुजरना जोखिम भरा होता है, जिसके कारण हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। यह ट्रैक्टर हादसा भी इसी संकरे मार्ग के कारण हुआ।
काम बंद होने से ग्रामीणों में आक्रोश
ग्रामीणों ने निर्माण एजेंसी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए बताया कि पिछले आठ-दस दिनों से क्षेत्र में बारिश नहीं हुई है और नाला भी पूरी तरह सूखा हुआ है। अनुकूल मौसम के बावजूद ठेकेदार ने पुलिया निर्माण का काम पूरी तरह से बंद कर रखा है। काम ठप होने और डायवर्सन के खस्ताहाल होने से लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रशासन से की यह मांग
आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि रुके हुए पुलिया निर्माण कार्य को अविलंब शुरू कराया जाए। इसके साथ ही, जब तक पुलिया का निर्माण पूरा नहीं हो जाता, तब तक सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए डायवर्सन की चौड़ाई बढ़ाई जाए ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।









