बिजली संकट से हाहाकार, रहवासी हलाकान

बम्हनी बंजर: भगत सिंह वार्ड में बिजली संकट से हाहाकार

अघोषित कटौती और लो-वोल्टेज से रहवासी हलाकान

  • 1912 और सीएम हेल्पलाइन पर शिकायतों का भी नहीं हुआ असर
  • आक्रोशित वार्डवासियों ने की स्थायी समाधान की मांग

मंडला महावीर न्यूज 29. नगर के वार्ड क्रमांक 3 (भगत सिंह वार्ड) में पिछले कई महीनों से बिजली व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। गर्मी के मौसम से शुरू हुई अघोषित कटौती और कम वोल्टेज की समस्या आज तक बनी हुई है, जिसके कारण स्थानीय रहवासियों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।

लो-वोल्टेज से उपकरण बने शोपीस

स्थानीय निवासी गौरव हरदहा ने बताया कि दिन और रात में औसतन 2 से 3 घंटे बिजली बंद रहती है। जब बिजली आती भी है, तो वोल्टेज इतना कम होता है कि पंखे, कूलर और अन्य घरेलू उपकरण ठीक से काम नहीं करते। रात के समय इस भीषण उमस में छोटे बच्चों, बुजुर्गों और पूरे परिवार को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

शिकायतों के बाद भी नहीं होता सुधार

रहवासी राजेश भलावी, पवन भलावी और अंकित मरावी ने अपना रोष व्यक्त करते हुए बताया कि बिजली विभाग के टोल-फ्री नंबर 1912 और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 181 पर कई बार शिकायतें दर्ज कराई जा चुकी हैं। आरोप है कि विभाग केवल फोन कर शिकायत बंद करने की औपचारिकता पूरी कर लेता है, लेकिन मौके पर न तो वोल्टेज सुधरता है और न ही कटौती बंद होती है।

आक्रोशित वार्डवासी पहुंचे थे घेराव की कगार पर

लगातार अनदेखी से परेशान होकर 16 जुलाई 2026 को वार्डवासियों ने बिजली कार्यालय जाकर विरोध प्रदर्शन करने की तैयारी कर ली थी। हालांकि, गौरव हरदहा ने सभी को शांति बनाए रखने की अपील की और समझाया कि पहले मीडिया के माध्यम से वरिष्ठ अधिकारियों तक अपनी बात पहुंचाई जाए।

तकनीकी सुधार की मांग

वार्डवासियों ने बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से मांग की है कि यदि क्षेत्र में ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने या नया ट्रांसफार्मर लगाने की आवश्यकता है, तो वह कार्य अविलंब किया जाए। रहवासियों ने चेतावनी भरे लहजे में कहा है कि यदि जल्द ही बिजली व्यवस्था का स्थायी समाधान नहीं हुआ, तो वे उग्र प्रदर्शन के लिए बाध्य होंगे।


Leave a Comment