भुआ बिछिया में अज्ञात कारणों से 28 वर्षीय महिला ने लगाई फांसी
पुलिस जांच में जुटी
- मायके में रह रही विधवा ने मौत को लगाया गले
- सूने कमरे में फंदे पर लटकती मिली लाश
मंडला महावीर न्यूज 29. बिछिया विकासखंड के जंतीपुर सिंचाई कॉलोनी में एक 28 वर्षीय महिला ने अज्ञात कारणों के चलते अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान भारती नंदा पति स्व. सोनू केवट के रूप में हुई है। वह मूल रूप से भरवेली पुलिस चौकी पिंडरई, थाना नैनपुर की निवासी थी और वर्तमान में जंतीपुर स्थित अपने मायके में रह रही थी।
जानकारी अनुसार भारती के पति का पिछले वर्ष निधन हो गया था। इसके बाद से वह अपनी मां, भाइयों और भाभी के साथ मायके में रहकर मजदूरी कर अपना भरण-पोषण कर रही थी। घटना वाले दिन शाम के समय मां हॉस्टल में खाना बनाने गई हुई थीं। बड़ा भाई विक्रम नंदा पास के बांध की ओर गया था, जबकि छोटा भाई बिज्जू नंदा कृषि उपज मंडी स्थित अपनी कैंटीन में था। घर पर केवल भाभी मौजूद थीं, जो बाहर का काम कर रही थीं।
भाभी ने देखा तो उड़े होश
बाहर का काम समाप्त कर जब भाभी घर के अंदर गई, तो उसने भारती को फांसी के फंदे पर लटकते देखा। उसकी चीख-पुकार सुनकर आस-पड़ोस के लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे। पड़ोसियों की मदद से महिला को फंदे से नीचे उतारा गया और आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर लिया है और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। महिला ने आत्महत्या जैसा आत्मघाती कदम क्यों उठाया, फिलहाल इसके कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मर्ग कायम कर मामले की विस्तृत विवेचना कर रही है।










