नर्मदा-विंध्य रेल कॉरिडोर: FLS स्वीकृति के लिए तेज हुए प्रयास

नर्मदा-विंध्य रेल कॉरिडोर: FLS स्वीकृति के लिए तेज हुए प्रयास

विधायक नागेंद्र सिंह ने दिया रेल मंत्री को पत्र लिखने का आश्वासन

  • आदिवासी अंचल में जगी रेल क्रांति की उम्मीद
  • पेंड्रा-गोटेगांव रेल मार्ग के लिए राज्यसभा से लेकर विधानसभा तक लामबंद हुए जनप्रतिनिधि

मंडला महावीर न्यूज 29. नर्मदा-विंध्य रेल कॉरिडोर परियोजना के क्रियान्वयन की दिशा में एक अहम और सकारात्मक कदम सामने आया है। स्वतंत्र रेल एक्टिविस्ट नितिन सोलंकी ने गोटेगांव (श्रीधाम) के विधायक नागेंद्र सिंह से दूरभाष पर इस महत्वाकांक्षी परियोजना को लेकर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान पेंड्रा-अमरकंटक-डिंडौरी-मंडला-घंसौर-लखनादौन-गोटेगांव-श्रीधाम रेल मार्ग के विस्तार हेतु ‘फाइनल लोकेशन सर्वे’ (FLS) की स्वीकृति को प्राथमिकता देने का आग्रह किया गया।

स्वतंत्र रेल एक्टिविस्ट नितिन सोलंकी

डीआरएम नागपुर का सकारात्मक रुख

नितिन सोलंकी ने विधायक को अवगत कराया कि बीते 6 अप्रैल 2026 को चलाए गए सोशल मीडिया अभियान और लगातार पत्राचार के बाद डीआरएम (DRM) नागपुर ने इस परियोजना को अत्यंत सकारात्मक माना है। रेलवे अधिकारियों का भी मत है कि यह कॉरिडोर क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। अब केवल रेलवे बोर्ड से FLS की अंतिम स्वीकृति अपेक्षित है, जिसके लिए राजनीतिक स्तर पर प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

विधायक नागेंद्र सिंह, गोटेगांव (श्रीधाम)

जनप्रतिनिधियों का ठोस आश्वासन

विधायक नागेंद्र सिंह ने आश्वस्त किया है कि वे इस विषय पर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर परियोजना की महत्ता से अवगत कराएंगे। इसके साथ ही, मंडला सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते के दिल्ली कार्यालय से भी इस संबंध में आधिकारिक पत्र जारी करवाने का निर्णय लिया गया है। सोलंकी के सुझाव पर विधायक ने विधानसभा में संकल्प पारित करवाकर केंद्र सरकार को भेजने की बात भी सहर्ष स्वीकार कर ली है। इससे पूर्व राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया द्वारा उच्च सदन में इस मांग को उठाए जाने से परियोजना को काफी मजबूती मिली है।

आदिवासी अंचल में आएगी विकास की क्रांति

नर्मदा-विंध्य रेल कॉरिडोर का निर्माण न केवल भौगोलिक दूरी को कम करेगा, बल्कि इस आदिवासी अंचल में शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेगा। आगामी मानसून सत्र में इस मुद्दे को सदन में पुरजोर तरीके से उठाने के लिए एक्टिविस्ट द्वारा विधायक को आवश्यक दस्तावेज और पत्र के ड्राफ्ट सौंप दिए गए हैं। क्षेत्र की जनता को उम्मीद है कि इन सामूहिक प्रयासों से जल्द ही विकास का मार्ग प्रशस्त होगा।


Leave a Comment