रेल विकास से बदलेगी मंडला की तस्वीर

बिलासपुर-जबलपुर कॉरिडोर और नई सुपरफास्ट ट्रेनों के प्रस्ताव पर रेल मंत्री से विधायक की सकारात्मक चर्चा

रेल विकास से बदलेगी मंडला की तस्वीर

  • नई ट्रेनों और टर्मिनल की मांग को लेकर बिछिया विधायक पट्टा ने रेल मंत्री को सौंपे 6 अहम ज्ञापन
  • मंडला को मिलेगी नई रफ्तार

मंडला महावीर न्यूज 29. आदिवासी बाहुल्य मंडला जिले में रेल सुविधाओं के विस्तार और अंचल के विकास को गति देने के उद्देश्य से बिछिया विधायक नारायण सिंह पट्टा ने नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से दूरभाष पर सकारात्मक चर्चा की। समयाभाव और व्यस्तता के चलते हालांकि व्यक्तिगत मुलाकात नहीं हो सकी, लेकिन विधायक पट्टा ने जिले की रेल परियोजनाओं और यात्री सुविधाओं से जुड़े 6 महत्वपूर्ण ज्ञापन रेल मंत्रालय को विधिवत सौंपे हैं।

बताया गया कि रेल मंत्रालय को सौंपे गए ज्ञापनों में जिले के रेल विकास का पूरा खाका खींचा गया है। इसमें मुख्य रूप से निम्न मांगें शामिल हैं। जिसमें लंबित सर्वे को मंजूरी के लिए बिलासपुर, मंडला, जबलपुर रेल कॉरिडोर के लंबित सर्वे को जल्द से जल्द स्वीकृति प्रदान करना। नई रेल लाइन परियोजना के तहत पेंड्रारोड, अमरकंटक, मंडला, गोटेगांव के बीच नई रेल लाइन बिछाने की योजना। टर्मिनल स्टेशन का दर्जा के लिए मंडला फोर्ट स्टेशन को सर्वसुविधायुक्त पूर्ण टर्मिनल स्टेशन के रूप में विकसित करना। 9 नई सुपरफास्ट ट्रेनों के माध्यम से मंडला के नागरिकों को देश के प्रमुख महानगरों से जोडऩे के लिए 9 नई सुपरफास्ट ट्रेनों का संचालन शुरू करना। इसके साथ ही रेलवे स्टेशन के वर्तमान मास्टर प्लान में आवश्यक सुधार कर यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाना। मंडला, नैनपुर, छिंदवाड़ा रेलखंड का दोहरीकरण, नैनपुर बाईपास का निर्माण और क्षेत्र में रोजगार सृजन के लिए रेल कोच फैक्ट्री की स्थापना होना शामिल है।

आदिवासी अंचल के सर्वांगीण विकास के लिए रेलवे का विस्तार जरूरी 

विधायक नारायण सिंह पट्टा ने कहा कि मंडला जैसे आदिवासी बाहुल्य जिले के सर्वांगीण विकास के लिए रेल सुविधाओं का विस्तार बेहद आवश्यक है। उन्होंने भरोसा जताया कि रेल मंत्री ने उनके द्वारा प्रस्तुत किए गए सभी प्रस्तावों पर गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया है, जिससे भविष्य में जिले को बड़ी सौगातें मिलने की उम्मीद है।

विशेषज्ञों के सुझावों को दी गई प्रमुखता 

प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए विधायक नारायण सिंह पट्टा ने बताया कि इन ज्ञापनों को तैयार करने में स्वतंत्र रेल एक्टिविस्ट नितिन सोलंकी सहित अन्य रेल विशेषज्ञों के तकनीकी सुझावों को भी प्रमुखता से शामिल किया गया है, जिससे मांगें तकनीकी रूप से मजबूत रहें। इस प्रेसवार्ता के दौरान पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष एडवोकेट राकेश तिवारी एवं वरिष्ठ अधिवक्ता एडवोकेट संजय चौरसिया भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।


Leave a Comment