तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित, दो युवक गंभीर रूप से घायल

पिपरिया घाट में तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त

दो युवक गंभीर रूप से घायल, जबलपुर रेफर

  • दोस्त को घर छोडऩे जा रहे युवक हादसे का शिकार
  • राहगीर की तत्परता से समय पर अस्पताल पहुंचे घायल

मंडला महावीर न्यूज 29. निवास थाना क्षेत्र के अंतर्गत निवास-मंडला मार्ग पर स्थित ग्राम पिपरिया घाट के पास एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस दर्दनाक हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को निवास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार देने के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।जानकारी अनुसार ग्राम मानिकपुर निवासी आदित्य उरेती 17 वर्ष अपनी बाइक से निवास मुख्यालय आया हुआ था। यहां उसकी मुलाकात अपने दोस्त दुर्गेश परस्ते 18 वर्ष, निवासी ग्राम केरीवाह खेरमाई टोला से हुई। आदित्य अपने दोस्त दुर्गेश को बाइक पर बैठाकर उसे घर छोडऩे जा रहा था। इसी दौरान निवास-मंडला मार्ग पर पिपरिया घाट के पास बाइक की रफ्तार तेज होने के कारण वाहन से उनका नियंत्रण खो गया और दोनों सड़क पर गिर पड़े।

राहगीर ने दिखाई संवेदनशीलता, पहुंचाया अस्पताल 

हादसे के बाद दोनों युवक काफी देर तक सड़क पर बेहोशी की हालत में पड़े रहे। इसी बीच ग्राम बस्तरी निवासी उमेश बघेल अपने चार पहिया वाहन से निवास की ओर जा रहे थे। उनकी नजर सड़क पर पड़े घायलों पर पड़ी। तत्परता और संवेदनशीलता दिखाते हुए उमेश ने बिना समय गवाए दोनों घायलों को अपने वाहन में बैठाया और तुरंत निवास सीएचसी लेकर पहुंचे, जिससे उन्हें समय पर चिकित्सा मिल सकी।

चिकित्सकों ने किया रेफर, पुलिस जांच में जुटी 

निवास सीएचसी में पदस्थ चिकित्सक डॉ. हर्ष ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन युवकों को आई गंभीर चोटों को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। इसके साथ ही घटना की सूचना मिलते ही निवास थाने से सब-इंस्पेक्टर पंकज विश्वकर्मा अपने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटना स्थल का मुआयना कर हादसे की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।


रिपोर्टर- रोहित प्रशांत चौकसे


Leave a Comment