भव्य आरती और पूजा-अर्चना के साथ श्री झूलेलाल चालीसा का शुभारंभ

भव्य आरती और पूजा-अर्चना के साथ श्री झूलेलाल चालीसा का शुभारंभ

40 दिनों तक चलेगा भक्ति का दौर

  • मंडला के झूलेलाल मंदिर में गूंजे जयकारे
  • पल्लव पूजा के साथ हुई सर्वसमाज की खुशहाली की कामना

मंडला महावीर न्यूज 29.  नगर के डॉ. अंबेडकर वार्ड स्थित भगवानी बाई केवलराम श्री झूलेलाल मंदिर में श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ ‘श्री झूलेलाल चालीसा’ महोत्सव का भव्य शुभारंभ किया गया। सोमवार को पहले दिन विधि-विधान से पूजा-अर्चना और भव्य आरती संपन्न हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान झूलेलाल की आराधना की।

पंडित रानू नाथ शर्मा के सानिध्य में हुआ अनुष्ठान

कार्यक्रम का शुभारंभ सोमवार को पंडित रानू नाथ शर्मा की मौजूदगी में किया गया। इस अवसर पर विधिवत पूजन-अर्चन के साथ शाम को भव्य आरती का आयोजन हुआ। उपस्थित श्रद्धालुओं ने भगवान झूलेलाल की आराधना करते हुए विशेष ‘पल्लव पूजा’ की और सभी परिवारों की सुख, शांति व खुशहाली की कामना की।

40 दिनों तक चलेगा धार्मिक आयोजनों का दौर

आयोजन समिति के अनुसार, मंदिर में यह धार्मिक अनुष्ठान लगातार चालीस दिनों तक चलेगा। इस दौरान प्रतिदिन सुबह और शाम आरती, पूजा-अर्चना तथा झूलेलाल चालीसा पाठ सहित विभिन्न धार्मिक आयोजन किए जाएंगे। इन 40 दिनों तक मंदिर परिसर में पूरी तरह से भक्तिमय और उत्सव का वातावरण बना रहेगा, जहां श्रद्धालु पूरी आस्था के साथ भगवान की आराधना करेंगे।

आयोजन समिति ने की सहभागिता की अपील

इस धार्मिक अनुष्ठान को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। श्रद्धालुओं का मानना है कि ऐसे आयोजनों से समाज में प्रेम, सद्भाव, एकता और सेवा की भावना को बढ़ावा मिलता है। आयोजन समिति ने सिंधी समाज सहित नगर के सभी धर्मप्रेमी नागरिकों से अपील की है कि वे प्रतिदिन उपस्थित होकर भगवान झूलेलाल की आराधना में शामिल हों और इस पुण्य कार्य में अपनी सहभागिता दर्ज कराएं।


रिपोर्टर- रितेश पमनानी


Leave a Comment