ग्राम पंचायत पड़रिया में शासकीय जमीन पर फिर अवैध कब्जा
नवीन हाई स्कूल के सामने रातों-रात हो रहा निर्माण
- कोर्ट के स्टे के बावजूद बेखौफ अतिक्रमणकारी
- पंचायत की चुप्पी पर उठे सवाल, उच्च अधिकारियों से कार्रवाई की मांग
मंडला महावीर न्यूज 29. नारायणगंज जनपद पंचायत के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत पड़रिया और नारायणगंज की शासकीय भूमि पर एक बार फिर अवैध कब्जे किया जा रहा है। क्षेत्र में स्थित नवीन हाई स्कूल के आसपास अतिक्रमणकारियों द्वारा तेजी से अवैध निर्माण किया जा रहा है। सबसे हैरानी की बात यह है कि यह सब कुछ पंचायत के जिम्मेदारों के संज्ञान में होने के बावजूद बेरोकटोक जारी है, जिससे उनकी कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
विगत माह ही पंचायत प्रशासन द्वारा नवीन हाई स्कूल के आसपास किए गए पक्के अतिक्रमण को हटाया गया था। लेकिन कार्रवाई के कुछ दिनों बाद ही अतिक्रमणकारियों ने पुन: उसी जगह पर कब्जा करना शुरू कर दिया है। बताया गया कि अतिक्रमणकारी चालाकी से शासकीय अवकाश के दिनों और रातों-रात निर्माण कार्य को अंजाम दे रहे हैं, जिससे अधिकारियों की नजरों से बचा जा सके। आलम यह है कि नवीन हाई स्कूल के मुख्य द्वार के सामने भी अवैध कब्जा कर लिया गया है, जिससे स्कूल आने-जाने वाले मार्ग पर भी असर पड़ रहा है।
कोर्ट के स्टे और 181 की शिकायतों की अनदेखी
इस अतिक्रमण को लेकर 181 सीएम हेल्पलाइन पर शिकायतें दर्ज कराई गई हैं और इस मामले में न्यायालय द्वारा स्टे भी दिया जा चुका है। बावजूद इसके अतिक्रमणकारियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे कानून की धज्जियां उड़ाते हुए शासकीय जमीन पर अपना कब्जा जमा रहे हैं। पंचायत प्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों को सब कुछ पता होने के बाद भी उनके द्वारा कोई ठोस कदम न उठाना संदेह पैदा कर रहा है।
उच्च अधिकारियों से सख्त कार्रवाई की मांग
ग्राम पंचायत की रहस्यमयी चुप्पी और स्थानीय स्तर पर हो रही इस अनदेखी के कारण ग्रामीणों में भारी रोष है। स्थानीय लोगों ने उच्च अधिकारियों और जिला प्रशासन से अपील की है कि इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप किया जाए। उन्होंने मांग की है कि कोर्ट के आदेशों का पालन सुनिश्चित कराते हुए शासकीय भूमि को तुरंत अतिक्रमण मुक्त कराया जाए और ऐसा करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।









