नगरीय क्षेत्र में 49 जर्जर भवन चिन्हित
नगर पालिका ने ध्वस्त किया रानी दुर्गावती वार्ड का एक भवन
मंडला महावीर न्यूज 29. आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नगर पालिका परिषद, मंडला द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान कराए गए सर्वेक्षण के आधार पर नगर क्षेत्र में 49 जर्जर एवं जोखिमपूर्ण भवनों की पहचान की गई है। इन भवनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
कलेक्टर एवं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) के निर्देशानुसार चिन्हित भवनों के स्वामियों को नोटिस जारी कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में रानी दुर्गावती वार्ड क्रमांक 6 स्थित आदित्य साहू के जर्जर भवन को आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था के साथ नगर पालिका की टीम द्वारा हटाने की कार्रवाई की गई। नगर पालिका परिषद ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके आसपास कोई जर्जर अथवा खतरनाक भवन दिखाई दे, तो उसकी जानकारी तत्काल नगर पालिका एवं संबंधित भवन स्वामी को दें तथा प्रशासन का सहयोग करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराने में सहयोग करें।









