सीएम डॉ. यादव ने की बड़ी घोषणा, मध्यप्रदेश सरकार देगी डिजिटल कंटेंट क्रिएटर अवॉर्ड
- इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में ‘मध्यप्रदेश युवा कॉन्क्लेव-2026’ का आयोजन
- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स के साथ किया संवाद
भोपाल/इंदौर/मंडला महावीर न्यूज 29. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 11 जुालई को इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में आयोजित ‘मध्यप्रदेश युवा कॉन्क्लेव-2026’ में डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स के साथ परस्पर संवाद किया। उन्होंने युवाओं के उत्थान और जन जागरूकता के लिए डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स के योगदान को सराहा। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश के डिजिटल इंफ्ल्यूएंसर्स को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ‘डिजिटल कंटेंट अवॉर्ड’ प्रदान किए जाने की घोषणा भी की।
सीएम डॉ. यादव ने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सकारात्मक सोच, नवाचार और सामाजिक सरोकारों के साथ काम करने वाले युवा आज समाज में परिवर्तन के सशक्त वाहक बन रहे हैं और उनके योगदान को सम्मानित किया जाना आवश्यक है। कार्यक्रम में इंदौर, उज्जैन, धार सहित मालवा-निमाड़ क्षेत्र के विभिन्न स्थानों के अनेक डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स और इंफ्ल्यूएंसर्स ने भाग लिया।
उत्कृष्ट कार्यों का होगा सम्मान
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने युवाओं से समाज निर्माण, सकारात्मक परिवर्तन और जनजागरूकता में युवाओं की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल युग में सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म समाज को दिशा देने का एक प्रभावी माध्यम बन चुके हैं। संवाद के दौरान उन्होंने कहा कि आज का युवा केवल कंटेंट नहीं बना रहा, बल्कि विचारों को दिशा दे रहा है, समाज को जोड़ रहा है और नई पीढ़ी की आकांक्षाओं को स्वर दे रहा है। उन्होंने कहा कि सकारात्मक और जिम्मेदार डिजिटल कंटेंट के माध्यम से युवा समाज में रचनात्मक परिवर्तन ला सकते हैं। प्रदेश सरकार डिजिटल क्षेत्र में नवाचार, रचनात्मकता और सामाजिक सरोकारों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से डिजिटल क्रिएटर्स के उत्कृष्ट कार्यों को सम्मानित करने के लिए ‘डिजिटल कंटेंट क्रिएटर अवॉर्ड’ की शुरुआत की जाएगी, जिससे युवाओं को प्रेरणा मिलेगी और प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण डिजिटल कंटेंट को बढ़ावा मिलेगा। कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने उनके साथ अपने अनुभव भी साझा किए।
सीएम डॉ. मोहन लाड़ली बहनों के खाते में ट्रांसफर करेंगे 1835 करोड़ रुपये, भिंड को देंगे बड़ी सौगात
कार्यक्रम का आयोजन 12 जुलाई को भिंड जिले के लहार में
- लाड़ली बहना योजना की जारी की जाएगी 38वीं किश्त
- कई विकास कार्यों का होगा लोकार्पण
भोपाल/मंडला महावीर न्यूज 29. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 12 जुलाई को भिंड जिले के लहार पहुंचेगे। सीएम डॉ. यादव यहां आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रम में ‘मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना” के तहत प्रदेश की लगभग 1 करोड़ 25 लाख 15 हजार से अधिक बहनों के खातों में सिंगल क्लिक से 1835 करोड़ रुपये से अधिक की राशि ट्रांसफर करेंगे। मध्यप्रदेश सरकार की इस अत्यंत लोकप्रिय योजना के अंतर्गत लाभार्थी महिलाओं को योजना की शुरुआत से अब तक की 38वीं नियमित मासिक किश्त का भुगतान किया जाएगा।
राज्य सरकार द्वारा माह नवंबर 2025 से इस मासिक आर्थिक सहायता राशि में 250 रुपये की बढ़ोतरी किए जाने के बाद से सभी पात्र हितग्राही महिलाओं को प्रति माह 1,500 रुपये की निरंतर वित्तीय सहायता मिल रही है। योजना की शुरुआत यानी जून 2023 से लेकर जून 2026 तक सरकार द्वारा कुल 37 किश्तों का नियमित अंतरण सफलता पूर्वक किया जा चुका है।
कई कामों की होगी शुरुआत
मुख्यमंत्री डॉ. यादव कार्यक्रम में 238.96 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हो चुके 40 विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे। साथ ही, क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए 83.33 करोड़ की लागत वाली 16 नई लोक-कल्याणकारी परियोजनाओं का भूमि-पूजन और शिलान्यास भी किया जाएगा।










