196 श्रद्धालु माँ कामाख्या शक्ति पीठ के दर्शन को रवाना

मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना

  • मंडला से 196 श्रद्धालु माँ कामाख्या शक्ति पीठ के दर्शन को रवाना
  • कैबिनेट मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने दिखाई हरी झंडी

मंडला महावीर न्यूज 29. राज्य शासन की जनकल्याणकारी मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत मण्डला जिले के 196 वरिष्ठ नागरिकों का दल शनिवार को माँ कामाख्या शक्ति पीठ के दर्शन के लिए रवाना हुआ। जिला योजना भवन परिसर के सामने आयोजित कार्यक्रम में मध्यप्रदेश शासन की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने बसों को हरी झंडी दिखाकर श्रद्धालुओं को विदा किया। श्रद्धालुओं का यह दल बसों के माध्यम से पहले नैनपुर पहुंचेगा, जहाँ से आगे की यात्रा रेल द्वारा की जाएगी।मंत्री श्रीमती उइके ने सभी तीर्थयात्रियों को पुष्पहार एवं पुष्पगुच्छ भेंटकर मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि आप सभी वरिष्ठ नागरिकों को माँ कामाख्या शक्ति पीठ के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हो रहा है। यह मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी की वरिष्ठजनों के प्रति सम्मान और आस्था का प्रतीक है। शासन की यह योजना बुजुर्गों को देश के पवित्र तीर्थों के दर्शन का अवसर दे रही है। तीर्थयात्रियों के यात्रा पर प्रस्थान करने से पूर्व जिला योजना भवन में केबिनेट मंत्री श्रीमती उइके ने श्रद्धालुओं से आत्मीय मुलाकात की।इस अवसर पर नगर पालिका परिषद अध्यक्ष विनोद कछवाहा, कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे, अपर कलेक्टर राजेन्द्र कुमार सिंह, संयुक्त कलेक्टर हुनेन्द्र घोरमारे, एसडीएम मंडला श्रीमती सोनल सिडाम, तहसीलदार मण्डला हिमांशु भलावी सहित तीर्थयात्रियों के परिजन उपस्थित रहे।


Leave a Comment