तीन पंचायतों में 650 से अधिक पीएम आवास स्वीकृत
भीमड़ोंगरी में 206 हितग्राहियों को मिली पीएम आवास की सौगात, सूची का हुआ वाचन
- मवई जनपद में गरीबों का पक्का घर बनाने का सपना होगा सच
- ग्राम पंचायत भीमड़ोंगरी में ग्राम सभा के दौरान सूची का वाचन
मंडला महावीर न्यूज 29. जनपद पंचायत मवई के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत भीमड़ोंगरी में आयोजित ग्राम सभा के दौरान विकास और जनकल्याण की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया। इस ग्राम सभा में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत हुए 206 पात्र हितग्राहियों की आधिकारिक सूची का सार्वजनिक रूप से वाचन किया गया। इस विशेष अवसर पर जनपद सदस्य अनंत सिंह राठौर मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
जानकारी अनुसार तीन ग्राम पंचायतों में 650 से अधिक आवास स्वीकृत हुए है। ग्राम सभा में उपस्थित ग्रामीणों को विभागीय अधिकारियों द्वारा जानकारी दी गई कि मवई जनपद के विकास को गति देते हुए तीन प्रमुख ग्राम पंचायतों में बड़े पैमाने पर आवास स्वीकृत किए गए हैं। जिसमें ग्राम पंचायत भीमड़ोंगरी में 206 हितग्राही, ग्राम पंचायत मनोरी में 219 हितग्राही, ग्राम पंचायत इंद्री में 227 हितग्राही स्वीकृत हुए है। इस प्रकार क्षेत्र के कुल 652 गरीब और जरूरतमंद परिवारों का अपने स्वयं के पक्के मकान का सपना अब जल्द ही साकार होने जा रहा है।
धरातल पर प्रभावी ढंग से उतर रही हैं योजनाएं
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनपद सदस्य अनंत सिंह राठौर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रधानमंत्री आवास योजना समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति को सम्मानजनक जीवन देने का एक प्रभावी माध्यम बनी है। उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश सरकार भी इन जनकल्याणकारी योजनाओं को पूरी पारदर्शिता के साथ धरातल पर उतार रही है, जिससे सही समय पर केवल पात्र लोगों को ही लाभ मिल पा रहा है। उपस्थित ग्रामीण व हितग्राही ने कहां कि अपने खुद के पक्के घर की स्वीकृति मिलने से हमारे परिवारों में बेहद खुशी का माहौल है। इस जनहितैषी निर्णय के लिए हम प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया है।
कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित
आवास स्वीकृति की इस सूची के वाचन के दौरान जनपद सदस्य अनंत सिंह राठौर के साथ स्थानीय सरपंच ओम प्रकाश मरावी, अक्षय परते, उपसरपंच हनुमान जाट, संतोष बंजारा सहित ग्राम पंचायत सचिव, रोजगार सहायक और बड़ी संख्या में ग्रामीण व लाभान्वित हितग्राही मौजूद रहे।










