मानवता की मिसाल: सड़क हादसे में घायल दो युवकों के लिए ‘देवदूत’ बने एसडीएम सचिन जैन
अपनी गाड़ी से पहुँचाया अस्पताल
- घुघरी-मंडला मार्ग पर दर्दनाक हादसा
- सड़क पर तड़प रहे घायलों को देख एसडीएम ने रुकवाया वाहन
- समय पर इलाज कराकर बचाई जान
- एसडीएम सचिन जैन ने पेश की संवेदनशीलता की नजीर
- दुर्घटनाग्रस्त युवकों को अपनी गाड़ी से पहुँचाया जिला अस्पताल
मंडला महावीर न्यूज 29. घुघरी-मंडला मार्ग पर रामनगर के समीप कोपरिया गांव के पास गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहाँ एक तेज रफ्तार अज्ञात चारपहिया वाहन ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर खून से लथपथ पड़े रहे। दोनों घायल ग्राम मांगा के निवासी बताए जा रहे हैं।
भ्रमण पर निकले थे एसडीएम, तड़पते घायलों को देख रोका वाहन
हादसे के वक्त मुनू एवं बिलगांव ग्राम के शासकीय भ्रमण पर निकले अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) सचिन जैन की नजर सड़क पर पड़े घायलों पर पड़ी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने बिना एक पल गंवाए तत्काल अपना वाहन रुकवाया।
एसडीएम जैन ने प्रशासनिक औपचारिकता में समय व्यर्थ न करते हुए मानवता का परिचय दिया और अपने कर्मचारियों के सहयोग से दोनों घायलों को तत्काल अपनी ही गाड़ी में बैठाकर जिला अस्पताल मंडला पहुँचाया।
“समय पर इलाज मिलना किसी भी दुर्घटना पीड़ित के लिए जीवनदान साबित हो सकता है। संकट के समय एक-दूसरे की मदद करना ही सबसे बड़ा धर्म है।”
अस्पताल में इलाज जारी, ग्रामीणों ने की पहल की सराहना
जिला अस्पताल मंडला में दोनों घायल युवकों को भर्ती कराकर उनका त्वरित उपचार शुरू कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार, समय पर अस्पताल पहुँचाए जाने के कारण घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा मिल सकी, जिससे उनकी स्थिति संभाली जा सकी।
घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय ग्रामीणों और प्रत्यक्षदर्शियों ने एसडीएम सचिन जैन के इस मानवीय और संवेदनशील कदम की भूरि-भूरि प्रशंसा की है। लोगों का कहना है कि अधिकारी की इस तत्परता ने प्रशासन का एक बेहद मानवीय और सहरदय चेहरा पेश किया है।











