40 दिनों तक गूंजेंगे भक्ति के स्वर, तैयारियां पूर्ण

अखंड ज्योत के पूजन से 13 जुलाई से शुरू होगा श्री झूलेलाल चालीसा महोत्सव

  • 21 अगस्त को निकलेगी विशाल शोभायात्रा
  • 40 दिनों तक गूंजेंगे भक्ति के स्वर, तैयारियां पूर्ण

मंडला महावीर न्यूज 29. सिंधी समाज के इष्ट देव भगवान श्री झूलेलाल जी की आराधना, श्रद्धा और भक्ति का पावन पर्व चालीसा महोत्सव प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी बेहद धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। अम्बेडकर वार्ड स्थित श्री भगवानी बाई केवल राम श्री झूलेलाल मंदिर में इस 40 दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन सभी परिवारों की सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना के उद्देश्य से किया जा रहा है।बताया गया कि महोत्सव की शुरुआत सोमवार 13 जुलाई को होगी। सुबह सामाजिक पंडित रानूनाथ शर्मा द्वारा श्री झूलेलाल मंदिर में विधि-विधान से अखंड ज्योत प्रज्वलित की जाएगी, जिसके साथ ही 40 दिनों का यह भक्ति पर्व प्रारंभ हो जाएगा।

40 दिनों तक चलेंगी कठिन साधना और धार्मिक आयोजन 

चालीसा महोत्सव के दौरान श्रद्धालु 40 दिनों तक उपवास रखकर अपने इष्टदेव की विशेष आराधना और साधना करेंगे। इस दौरान मंदिर में प्रतिदिन सुबह और शाम आरती-पूजा का आयोजन होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। इस दौरान आयोजित होने वाले आयोजनों में प्रतिदिन सुबह-शाम भव्य आरती और कथा-कीर्तन किया जाएगा। चालीसा के दौरान प्रति शुक्रवार को भव्य महाआरती और विशेष प्रसादी का वितरण होगा।

तैयारियां अंतिम चरण में 

महोत्सव को लेकर मंदिर की भव्य साज-सज्जा और प्रसादी व्यवस्था की तैयारियां तेजी से पूरी की जा रही हैं। चालीसा महोत्सव पूरे समाज में भक्ति, सद्भाव और खुशहाली का संदेश देता है। 40 दिनों की यह साधना समाज कल्याण और सुख-समृद्धि की कामना के लिए समर्पित है।

21 अगस्त को विशाल शोभायात्रा के साथ समापन 

40 दिनों तक चलने वाले विविध धार्मिक अनुष्ठानों का समापन 21 अगस्त को होगा। इस दिन नगर में भगवान श्री झूलेलाल जी की भव्य और विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें पूरा सिंधी समाज श्रद्धा और उत्साह के साथ शामिल होगा।


रिपोर्टर- रितेश पमनानी


Leave a Comment