सड़क दुर्घटना में बचाई 4 जिंदगियां, मिला सम्मान

भीषण सड़क दुर्घटना में बचाई 4 जिंदगियां, मिला सम्मान

साहसी कार्य के लिए अग्निमंडल समूह ने मनीष बर्मन और सहयोगियों को किया सम्मानित

मंडला महावीर न्यूज 29. नारायणगंज मुख्यालय के क्षेत्रीय निवासी मनीष बर्मन और उनके सहयोगियों ने अपनी जान की परवाह न करते हुए मानवता का एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। एक भीषण सड़क दुर्घटना के दौरान तत्परता दिखाते हुए इन साहसी युवाओं ने मासूम बच्ची सहित चार लोगों की जान बचा ली। इस सराहनीय और जांबाज कार्य के लिए सामाजिक समूह अग्निमंडल द्वारा आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में उन्हें शॉल और श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया।

जानकारी अनुसार बीती 6 जुलाई की रात नारायणगंज स्थित बलाई पुल पर एक बड़ा हादसा हो गया। मध्य प्रदेश शासन का एक शासकीय बोलेरो वाहन अचानक सामने आए मोटरसाइकिल सवार को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर पुल से सीधे नीचे जा गिरा। वाहन में एक पुरुष, दो महिलाएं और एक महज 2 वर्ष की मासूम बच्ची सवार थीं। हादसा होते ही मौके पर मौजूद मनीष बर्मन और उनके साथी बिना एक पल गंवाए मदद के लिए दौड़ पड़े। उन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद दुर्घटनाग्रस्त वाहन से सभी चारों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया। सही समय पर प्राथमिक उपचार मिलने की वजह से सभी घायलों की जान बच सकी।

महाआरती के बाद हुआ सम्मान समारोह 

युवाओं के इस मानवीय और साहसिक कार्य की सराहना करते हुए अग्निमंडल समूह द्वारा महाआरती के बाद एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समूह के पदाधिकारियों और सदस्यों ने मनीष बर्मन व उनकी पूरी टीम का अभिनंदन किया। वक्ताओं ने कहा कि संकट की घड़ी में मनीष और उनके साथियों द्वारा दिखाई गई यह तत्परता पूरे समाज के लिए एक प्रेरणा है। हर नागरिक को मुसीबत में फंसे लोगों की मदद के लिए इसी तरह आगे आना चाहिए।

समारोह में ये रहे उपस्थित 

कार्यक्रम में अग्निमंडल के अध्यक्ष राहुल सोनी, संरक्षक रिंकू सोनी, उपाध्यक्ष विवेक शर्मा, कोषाध्यक्ष प्रियांश अग्रवाल के साथ विपत बर्मन, हिरदेश साहू, विजय साहू, कैलाश सोनी सहित समूह के समस्त सदस्य और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।


Leave a Comment