ग्राम देवगांव में किराया वृद्धि के विरोध में चक्का जाम
ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
- ईंधन की महंगाई से देवगांव में फूटा गुस्सा
- सरकार से सब्सिडी की मांग
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले के ग्राम देवगांव में ग्रामीणों का आक्रोश उस समय सड़कों पर देखने को मिला, जब बढ़े हुए यात्री किराए के विरोध में लोगों ने चक्का जाम कर दिया। इस प्रदर्शन के कारण मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित रहा। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि डीजल और पेट्रोल की लगातार बढ़ती कीमतों के चलते निजी वाहन संचालकों ने मनमाना किराया बढ़ा दिया है, जिससे रोजमर्रा की जिंदगी व्यतीत करने वाले मजदूरों, किसानों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों का बजट पूरी तरह गड़बड़ा गया है।
बस चालकों से ज्यादा सरकार जिम्मेदार
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने एक परिपक्व और व्यावहारिक दृष्टिकोण रखते हुए कहा कि केवल वाहन मालिकों को दोष देना सही नहीं है। जब ईंधन के दाम आसमान छू रहे हैं और वाहनों का रखरखाव महंगा हो चुका है, तो किराए में वृद्धि होना स्वाभाविक है। ग्रामीणों का मानना है कि इस स्थिति के लिए सीधे तौर पर सरकार जिम्मेदार है, क्योंकि वही महंगाई पर नियंत्रण पाने में विफल साबित हो रही है।
ग्रामीणों की प्रमुख मांगें
ग्रामीणों का कहना है कि सरकार तुरंत डीजल और पेट्रोल की दरों पर नियंत्रण लगाए। ग्रामीण क्षेत्रों की परिवहन व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए सरकार विशेष राहत पैकेज या सब्सिडी उपलब्ध कराए। आम जनता को आर्थिक राहत देने के लिए ठोस और प्रभावी नीतियां लागू की जाएं। ग्रामीणों का कहना है कि महंगाई की मार से जनता बेहाल है। यह सवाल सिर्फ कुछ रुपये किराए का नहीं, बल्कि आम आदमी की रोजी-रोटी और अस्तित्व का है। सरकार को अब जवाब देना ही होगा कि आखिर कब तक जनता इस बेतहाशा महंगाई का बोझ उठाती रहेगी।
उग्र आंदोलन की चेतावनी
ग्रामीणों ने प्रशासन और शासन को चेतावनी दी है कि यदि किराया वृद्धि और महंगाई का जल्द कोई स्थाई समाधान नहीं निकाला गया, तो इस आंदोलन को जिले भर में और अधिक व्यापक रूप दिया जाएगा।









