बिझौली में सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी
15 हजार का माल पार,सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए 3 चोर
- निवास क्षेत्र के बिझौली में चोरी की वारदात
- बाउंड्री वॉल फांदकर घुसे चोर, फुटेज खंगाल रही पुलिस
मंडला महावीर न्यूज 29. निवास थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बिझौली में अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए लगभग 15 हजार रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की यह पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
जानकारी अनुसार जनपद पंचायत नारायणगंज में पदस्थ सहायक विकासखंड प्रबंधक राकेश कुमार झारिया का पैतृक मकान बिझौली में है। वे परिवार सहित जबलपुर में रहते हैं और त्यौहारों पर ही गांव आते हैं। राकेश जी के छोटे भाई नरेश झारिया ने फोन पर घर का ताला टूटने की सूचना दी।
सूचना मिलने पर राकेश झारिया अपनी पत्नी सरिता झारिया के साथ बिझौली पहुंचे और निवास पुलिस को सूचित किया। थाना प्रभारी धर्मेंद्र धुर्वे ने पुलिस स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। घर के अंदर अलमारी और पेटी के लॉक टूटे हुए थे। पीडि़त के अनुसार पूजा घर में रखे चांदी के सिक्के और अन्य सामान गायब थे, जिनकी कुल कीमत लगभग 15 हजार रुपये है।
सीसीसीटीवी फुटेज में 3 संदिग्ध बाउंड्री वॉल फांदकर घर में घुसते और चोरी करते नजर आ रहे हैं। फुटेज पुलिस को सौंप दी गई है। पीडि़त ने बताया कि फरवरी 2025 में भी चोरों ने घर का ताला तोड़ा था, लेकिन तब वे सफल नहीं हो पाए थे। फिलहाल निवास पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश में जुट गई है।










