खेलते-खेलते कुएं में गिरे दो मासूम भाई-बहन

खेलते-खेलते कुएं में गिरे दो मासूम भाई-बहन, डूबने से मौत

तेज बारिश के बाद लबालब भरे कुएं ने छीनी दो जिंदगी

  • परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
  • बाजार गए थे माता-पिता, पीछे से हुआ हादसा

मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले के मोतीनाला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत मेंढ़ा के पोषक ग्राम जैतपुरी में रविवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। यहाँ एक खुले कुएं में डूबने से दो मासूम भाई-बहन की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद से पूरे ग्रामीण अंचल में मातम पसरा हुआ है।
बताया गया कि बच्चों के पिता रमेश तेकाम ने बताया कि वह रविवार को साप्ताहिक बाजार होने के कारण वे घर पर बच्चों को छोड़कर सब्जी आदि खरीदने बाजार गए हुए थे। इसी दौरान क्षेत्र में अचानक तेज बारिश शुरू हो गई, जिससे घर के सामने स्थित पुराना टूटा हुआ कुआं पानी से लबालब भर गया। खेलते-खेलते दोनों मासूम बच्चे कुएं के पास चले गए और पानी का अंदाजा न मिलने के कारण उसमें डूब गए। जिससे उनकी मौत हो गई।

घंटों तलाश के बाद कुएं में मिले शव 

परिजनों ने बताया कि जब वे बाजार से वापस लौटे, तो बच्चे घर पर नहीं मिले। लगभग ढाई से तीन घंटे तक आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की गई, लेकिन बच्चों का कोई सुराग नहीं लगा। जब घर के पास स्थित पुराने कुएं में देखा गया, तो दोनों भाई-बहन पानी में डूबे हुए मृत अवस्था में मिले।

पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच 

घटना की सूचना मिलते ही मोतीनाला थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। मोतीनाला थाना के एएसआई श्याम लाल धुर्वे ने बताया कि मृतकों की पहचान 5 वर्षीय बालक नंदन तेकाम और उसकी बहन नंदिनी तेकाम पिता रमेश तेकाम के रूप में हुई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और दोनों शवों को पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

 


Leave a Comment