करोड़ों की लागत के बाद भी विकास की राह देख रहा मंडला फोर्ट स्टेशन

मंडला फोर्ट रेलवे स्टेशन आज भी उपेक्षा का शिकार

यात्री सुविधाओं और नई ट्रेनों के विस्तार के लिए रेलवे संघर्ष समिति मुखर

  • पेंचवेली एक्सप्रेस के ठहराव और भोपाल-नागपुर के लिए नाइट ट्रेन की मांग
  • रेलवे समिति ने गिनाईं स्टेशन की कमियां
  • करोड़ों की लागत के बाद भी विकास की राह देख रहा मंडला फोर्ट स्टेशन
  • रेलवे संघर्ष समिति ने बुनियादी सुविधाओं पर उठाए सवाल

मंडला महावीर न्यूज 29. करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित मंडला जिले का महत्वपूर्ण मंडला फोर्ट रेलवे स्टेशन आज भी विकास और अपेक्षित यात्री सुविधाओं की राह देख रहा है। जिले की जनता, सामाजिक संगठनों और राष्ट्रीय रेलवे संघर्ष समिति द्वारा लंबे समय से की जा रही माँगों के बावजूद अब तक रेलवे प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे स्थानीय नागरिकों में भारी निराशा व्याप्त है।राष्ट्रीय रेलवे संघर्ष समिति के सदस्य अखिलेश सोनी ने बताया कि इस संबंध में पूर्व में रेल प्रबंधक दीपक गुप्ता सहित उच्च अधिकारियों को कई बार अवगत कराया जा चुका है। समिति का मानना है कि यदि इन रेल सेवाओं का विस्तार होता है, तो जिले के पर्यटन, व्यापार, शिक्षा और रोजगार को नई गति मिलेगी।

समिति के सदस्य अखिलेश सोनी ने बताया कि समिति की प्रमुख रेल मांगें पेंचवेली एक्सप्रेस का मंडला फोर्ट स्टेशन पर नियमित ठहराव सुनिश्चित कर यात्रियों के लिए दरवाजे खोले जाएं। विद्यार्थियों, व्यापारियों और मरीजों की सुविधा के लिए मंडला फोर्ट से नागपुर व राजधानी भोपाल के लिए शीघ्र रात्रिकालीन ट्रेन सेवा शुरू की जाए। जबलपुर, मंडला के बीच संचालित ट्रेनों के समय में यात्रियों की सुविधा के अनुसार पुन: संशोधन किया जाए।

स्टेशन परिसर में इन बुनियादी सुविधाओं की दरकार 

ट्रेनों के विस्तार के साथ समिति ने स्टेशन की लचर व्यवस्थाओं को भी उजागर किया है। समिति ने मांग की है कि स्टेशन तक जाने वाले पहुंच मार्ग का गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराया जाए और मार्ग सहित पूरे परिसर में पर्याप्त हाईमास्ट लाइटें लगाई जाएं। इसके अलावा स्टेशन पर लंबे समय से बंद पड़े वॉशरूम व शौचालयों को तत्काल चालू करने, स्वच्छ व शीतल पेयजल की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने और परिसर में यात्रियों के बैठने के पर्याप्त इंतजाम व साफ-सफाई बढ़ाने की मांग पुरजोर तरीके से उठाई गई है।


 

Leave a Comment