युवा कांग्रेस का आरोप: शासन-प्रशासन की उदासीनता से अधर में लटका मवई-कुडेला मार्ग का काम, ग्रामीण परेशान
मवई-कुडेला मुख्य मार्ग निर्माण में बड़ी लापरवाही
- पहली बारिश में ही दावों की खुली पोल, आवागमन संकट में
- मवई, कुडेला मार्ग निर्माण में लापरवाही से आवागमन संकट में
- युवा कांग्रेस ने सरकार और जिला प्रशासन को ठहराया जिम्मेदार
मंडला महावीर न्यूज 29. आदिवासी बाहुल्य मवई विकासखंड को जिला मुख्यालय से जोडऩे वाले मवई, कुडेला मुख्य मार्ग के निर्माण में घोर लापरवाही की गई है। वर्ष 2022-23 में स्वीकृत और 2024 में शुरू हुए इस मार्ग का निर्माण कार्य कछुआ गति से चलने के कारण, बरसात शुरू होते ही 100 से अधिक गांवों का संपर्क संकट में पड़ गया है। मार्ग के दो महत्वपूर्ण पुल आज तक अधूरे हैं, जिससे स्कूली बच्चों, मरीजों, गर्भवती महिलाओं और ग्रामीणों के सामने सुरक्षित आवागमन की गंभीर चुनौती खड़ी हो गई है।
युवा कांग्रेस विधानसभा बिछिया के अध्यक्ष बोधू सिंह मरावी ने इस स्थिति के लिए प्रदेश की मोहन सरकार और जिला प्रशासन को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पूर्व में मुख्यमंत्री, लोक निर्माण मंत्री और कलेक्टर मंडला को पत्र सौंपकर समय रहते कार्रवाई की मांग की गई थी। उस दौरान कलेक्टर द्वारा बरसात में आवागमन बाधित न होने देने का आश्वासन भी दिया गया था, लेकिन शुरुआती बारिश ने ही प्रशासनिक दावों की पोल खोलकर रख दी है।
बोधू सिंह मरावी ने आरोप लगाया कि शासन द्वारा निर्माण एजेंसी पर प्रभावी निगरानी न रखने और प्रशासनिक निष्क्रियता के कारण आदिवासी अंचल की जनता आज भी मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष करने को मजबूर है।
युवा कांग्रेस की प्रमुख मांगें
युवा कांग्रेस ने मांग की है कि मवई, कुडेला मुख्य मार्ग के अधूरे पुलों और शेष सड़क निर्माण कार्य को युद्धस्तर पर पूरा कराया जाए। लापरवाही बरतने वाली निर्माण एजेंसी और दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई कर जवाबदेही तय की जाए। बरसात के दौरान आम जनता के सुरक्षित आवागमन के लिए प्रशासन द्वारा तुरंत वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।










