ट्रक से डीजल चोरी करने वाला शातिर फरार आरोपी गिरफ्तार
72 लीटर डीजल जब्त
- छिंदवाड़ा के ट्रक ड्राइवर की शिकायत पर नैनपुर पुलिस का एक्शन
- डीजल चोरी मामले का दूसरा आरोपी भी पहुंचा जेल
मंडला महावीर न्यूज 29. पुलिस अधीक्षक मंडला राजेश रघुवंशी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार वर्मा एवं एसडीओपी नैनपुर मनीष राज के मार्गदर्शन में नैनपुर थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ट्रक से डीजल चोरी करने के मामले में काफी समय से फरार चल रहे दूसरे आरोपी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है। आरोपी के कब्जे से चोरी का डीजल भी बरामद किया गया है।
जानकारी अनुसार छिंदवाड़ा जिले के थाना मोहखेड़ के अंतर्गत ग्राम उमरानाला निवासी शिकायतकर्ता शेख शरीफ कुरैशी पिता शेख मोहम्मद कुरैशी विगत 21 जून की रात को गेहूं से लदा ट्रक क्रमांक एमएच-40-9586 लेकर नैनपुर आए थे। उन्होंने निवारी क्षेत्र में अपना ट्रक खड़ा किया और विश्राम करने चले गए। अगले दिन सुबह जब उन्होंने जांच की, तो ट्रक की टंकी से करीब 150 लीटर डीजल गायब था। अज्ञात चोरों द्वारा डीजल चोरी किए जाने की इस घटना की रिपोर्ट 26 जून को थाना नैनपुर में दर्ज कराई गई थी, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
मुखबिर की सूचना पर दबोचा गया फरार आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों का जाल बिछाया। पुलिस इस मामले के एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर चुकी है, जो वर्तमान में जेल में है। वहीं, घटना में शामिल दूसरे फरार आरोपी की पुलिस लगातार तलाश कर रही थी।
72 लीटर डीजल बरामद
बताया गया कि 3 जुलाई को मुखबिर से सटीक सूचना मिलने पर नैनपुर पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी अखिलेश राजपूत 33 वर्ष, पिता गंगा सिंह राजपूत, निवासी ग्राम सालीवाड़ा, थाना नैनपुर को धर दबोचा। पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ के बाद आरोपी के कब्जे से 72 लीटर चोरी का डीजल बरामद कर जब्त कर लिया है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा जेल में भेज दिया गया है। इस त्वरित और सफल कार्रवाई में नैनपुर थाना प्रभारी निरीक्षक मंशाराम वगेन, उप निरीक्षक दीपक बघेल, प्रधान आरक्षक राजेश उईके, आरक्षक नवीन, ओमप्रकाश एवं रंजीत की सराहनीय भूमिका रही।









