घाट पर अनियंत्रित होकर पलटा सूजी-मैदा से भरा ट्रक

घाट पर अनियंत्रित होकर पलटा सूजी-मैदा से भरा ट्रक

रातभर पहरा देती रही पुलिस

  • एनएच-30 पर तकनीकी खराबी के बाद पीछे लुढ़का ट्रक
  • बबैहा-कोंडरा घाट पर पलटने से मची अफरा-तफरी

मंडला महावीर न्यूज 29. नेशनल हाईवे 30 पर मंडला-जबलपुर मार्ग स्थित बबैहा और कोंडरा गांव के बीच घाट पर शुक्रवार की रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। जबलपुर से मंडला की ओर आ रहा मैदा और सूजी से लदा एक ट्रक घाट पर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि ट्रक के पहिए ऊपर की ओर हो गए और वह पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद ट्रक में लदी मैदा व सूजी की बोरियां सड़क और घाट पर बिखर गईं, जिससे मार्ग पर कुछ समय के लिए आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।जानकारी अनुसार ट्रक जबलपुर से मंडला की ओर आ रहा था, इसी दौरान रास्ते में उसमें कुछ तकनीकी खराबी आ गई थी। चालक ने खराबी को ठीक कराया और अपने गंतव्य के लिए रवाना हुआ। हालांकि, जैसे ही ट्रक बबैहा और कोंडरा गांव के बीच घाट की चढ़ाई पर पहुंचा, वह अचानक बंद हो गया और पीछे की ओर लुढ़कने लगा। चालक ने वाहन को नियंत्रित करने का भरसक प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली और ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे फिसलते हुए पलट गया।

लूटपाट रोकने रातभर तैनात रही पुलिस 

घटना की सूचना मिलते ही टिकरिया थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने सबसे पहले मार्ग पर फैले सामान और मलबे को हटवाकर यातायात बहाल कराने की प्रक्रिया शुरू की। हादसे के बाद सड़क पर बिखरी सूजी और मैदा की बोरियों को सुरक्षित रखने और किसी भी प्रकार की संभावित लूटपाट को रोकने के लिए टिकरिया पुलिस ने सराहनीय कदम उठाया। रातभर मौके पर पुलिस कर्मियों को तैनात रखा गया।

जांच में जुटी पुलिस 

टिकरिया थाना पुलिस द्वारा इस हादसे की सूचना ट्रक मालिक को दे दी गई है। गनीमत यह रही कि हादसे में किसी अप्रिय जनहानि की खबर नहीं है। फिलहाल टिकरिया पुलिस दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है।


Leave a Comment