खतरों से खेल कर आए जांबाज
कम ऑक्सीजन और खौफनाक खाइयों को मात देकर फतह की स्पीति
3500 किलोमीटर का वो सफरनामा, जहां कदम रखने से पहले कांपती है रूह… वहां एमपी टूरिज्म के साथ महू राइडर्स क्लब ने रचा इतिहास
- 3500 किमी का जज़्बा-स्पीति की दुर्गम और खतरनाक वादियों को जीतकर लौटा महू राइडर्स क्लब
- ऑक्सीजन की कमी और कठिन रास्तों को मात देकर 12 जांबाज राइडर्स सुरक्षित लौटे इंदौर
- मध्यप्रदेश पर्यटन के सहयोग से ‘सफरनामा’ की शुरुआत
महू/इंदौर/मंडला महावीर न्यूज 29. पहाड़ों की टेढ़ी-मेढ़ी सड़कें, गहरी खाइयाँ, लगातार बदलता मौसम, कम ऑक्सीजन और हजारों फीट की ऊंचाई… ये वो परिस्थितियां हैं जहाँ सामान्य यात्री कदम रखने से पहले कई बार सोचते हैं। लेकिन इन सभी खतरों को पीछे छोड़ते हुए महू राइडर्स क्लब एसोसिएशन के 12 जांबाज राइडर्स ने करीब 3500 किलोमीटर की चुनौतीपूर्ण ‘स्पीति बाइक एक्सपेडिशन’ सफलतापूर्वक पूरी कर ली है और सभी सुरक्षित इंदौर वापस लौट आए हैं।
19 जून को इंदौर से शुरू हुआ था रोमांचक सफर
‘स्पीति 2.0 एक्सपेडिशन’ की शुरुआत 19 जून को इंदौर से हुई थी। इस पूरे अभियान का नेतृत्व क्लब के सचिव हर्षेश घाटोड़ा ने किया। इस दल में क्लब के संस्थापक एवं अध्यक्ष डॉ. सौरभ मोहंती, उपाध्यक्ष शारिक अंसारी, फ़ज़ल अब्बास अमीर, अर्पित सोनी, शिव सोनी, मयंक पटेल, संतोष परमार, अक्षत कनोजिया, अमय बटाव, मिथिलेश सिंह तथा गोवा से जुड़े हर्षद पालेकर शामिल रहे।
इन दुर्गम और ऐतिहासिक स्थलों तक बनाई पहुंच
अपनी इस लंबी और ऐतिहासिक यात्रा के दौरान राइडर्स के दल ने देश के कई प्रमुख और दुर्गम स्थानों का सफर तय किया, जिनमें शामिल हैं:
- जयपुर, शिमला और नारकंडा
- भारत का अंतिम बसा गांव ‘चितकुल’
- नाको और किन्नौर की दुर्गम पहाड़ी सड़कें
- धनकर, काजा और प्रसिद्ध चिचम ब्रिज
- विश्व का सबसे ऊंचा डाकघर ‘हिक्किम’ और विश्व का सबसे ऊंचा कैफे क्षेत्र
इन सभी जगहों से होते हुए यह टीम मनाली के रास्ते सुरक्षित इंदौर वापस लौटी। पूरे रास्ते में राइडर्स को ऑक्सीजन की कमी, भारी बारिश, खराब ऑफ-रोड ट्रैक और कठिन पहाड़ी मार्गों जैसी कई बड़ी चुनौतियों का सामना करना पड़ा, लेकिन संयमित और सुरक्षित राइडिंग के चलते पूरा अभियान बिना किसी दुर्घटना के सफल रहा।
उद्देश्य: जिम्मेदार राइडिंग और ‘सफरनामा’ अभियान
ऐतिहासिक और प्राकृतिक स्थलों को देश से जोड़ना है लक्ष्य: क्लब के संस्थापक एवं अध्यक्ष डॉ. सौरभ मोहंती ने बताया कि महू राइडर्स क्लब का उद्देश्य केवल एडवेंचर राइड्स आयोजित करना नहीं, बल्कि देश में एक जिम्मेदार और सुरक्षित राइडिंग संस्कृति को विकसित करना है। पिछले कुछ वर्षों में क्लब ने इंदौर और आसपास के कई नए राइडिंग क्लबों को ट्रेनिंग और मार्गदर्शन भी दिया है।
उन्होंने आगे बताया कि क्लब ने हाल ही में मध्यप्रदेश पर्यटन (MP Tourism) के सहयोग से ‘सफरनामा’ अभियान की शुरुआत की है। इसका मुख्य उद्देश्य मोटरसाइकिल पर्यटन के माध्यम से प्रदेश के ऐतिहासिक, प्राकृतिक और सांस्कृतिक स्थलों को देशभर के राइडर्स से जोड़ना है।











