मंडला की बदहाली को लेकर अनशन पर बैठे नरेंद्र

मंडला की बदहाली को लेकर अनशन पर बैठे नरेंद्र, अनदेखी से उपजा जन-आक्रोश

  • मांगें पूरी न होने पर आज 4 जुलाई से शुरू होगा आमरण अनशन
  • सामाजिक न्याय जन आंदोलन मंच ने दी चेतावनी

मंडला महावीर न्यूज 29. नगर की बदहाल सड़कों, अधूरी सीवर लाइन और जनसमस्याओं के निराकरण को लेकर सामाजिक न्याय जन आंदोलन मंच के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह परिहार का आंदोलन अब उग्र रूप लेता जा रहा है। 1 जुलाई से शुरू हुए इस क्रमिक अनशन को आम जनता और सामाजिक संगठनों का भारी जन समर्थन मिल रहा है। प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की लगातार अनदेखी के चलते आंदोलनकारियों ने अब आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है।

मंच के पदाधिकारियों ने बताया कि प्रशासन को पूर्व में ही अल्टीमेटम दिया जा चुका है। यदि आज मांगों पर कोई सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई, तो शनिवार 4 जुलाई से नरेंद्र सिंह परिहार आमरण अनशन पर बैठेंगे। सामाजिक न्याय जन आंदोलन मंच ने चिंता जताते हुए कहा है कि इस समय वर्षाकाल चालू है। तेज हवा-तूफान, पेड़ गिरने या आकाशीय बिजली जैसी प्राकृतिक आपदाओं के बीच अनशनकारी के स्वास्थ्य और सुरक्षा को गंभीर खतरा हो सकता है। इसलिए प्रशासन को किसी भी अनहोनी से पहले तत्काल ध्यान देकर मांगें पूरी करानी चाहिए।

आंदोलन के जरिए उठाई 5 प्रमुख जनहित की मांगें 

बताया गया कि हड़ताल पर बैठे नरेन्द्र सिंह परिहार ने नगर की समस्याओं को लेकर प्रशासन का ध्यान आकर्षण कराते हुए पांच प्रमुख जनहित मांगे रखी है। जिसमें बड़ा चौराहा से हनुमान घाट मुक्तिधाम खैरी मार्ग का तत्काल डामलीकरण या कांक्रीट रोड निर्माण कराया जाए। मंडला नगर में सीवर लाइन कार्य के कारण खोदी और क्षतिग्रस्त की गईं सभी सड़कों का उच्च गुणवत्ता के साथ तत्काल पुनर्निर्माण हो। वर्षा ऋतु को देखते हुए नगर के सभी 24 वार्डों के बड़े नाले और नालियों की तत्काल सफाई सुनिश्चित की जाए। महाराजपुर में सड़क सौंदर्यीकरण के नाम पर अधर में लटके अधूरे डिवाइडर का निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण किया जाए। नगर के सभी मुक्तिधामों को सुव्यवस्थित कर उनका सौंदर्यीकरण किया जाए और वहां आवश्यक मूलभूत सुविधाएं विकसित की जाएं।

सहयोगी समाजसेवियों ने मांगा सकारात्मक सहयोग 

आंदोलन स्थल पर लगातार पहुंच रहे सहयोगी समाजसेवियों ने प्रशासन के ढुलमुल रवैये पर नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि यह किसी व्यक्ति विशेष की लड़ाई नहीं बल्कि पूरे मंडला नगर की जनता का हक है। मंच के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह परिहार ने दो टूक शब्दों में कहा है कि जब तक जनहित की इन मांगों पर जमीनी कार्रवाई शुरू नहीं होती, तब तक आंदोलन थमने वाला नहीं है।


 

Leave a Comment