पलायन कर रहे मजदूरों और नाबालिगों की जांच, ओवरलोड वाहनों पर कसा शिकंजा
- घुघरी थाना प्रभारी के निर्देशन में चला सघन चेकिंग अभियान
- यात्रियों को डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर फ्रॉड के प्रति किया जागरूक
मंडला महावीर न्यूज 29. थाना घुघरी पुलिस ने थाना प्रभारी प्रकाश चंद्र सेन के कुशल निर्देशन में विगत रात्रि करीब 9 बजे एक विशेष सघन वाहन जांच अभियान चलाया। इस अभियान के तहत पुलिस टीम ने मुख्य मार्गों पर दर्जनों वाहनों को रोककर बारीकी से तलाशी ली और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी।
बताया गया कि चेकिंग के दौरान पुलिस ने मजदूरी के लिए केरल जा रहे श्रमिकों और कुछ नाबालिग लड़के-लड़कियों को रोककर उनसे पूछताछ की। पुलिस ने उनके गंतव्य, पहचान पत्र और यात्रा से संबंधित आवश्यक दस्तावेजों की जांच की। थाना प्रभारी प्रकाश चंद्र सेन ने बताया कि अक्सर नाबालिग बच्चे बिना परिजनों को बताए दूसरे राज्यों में चले जाते हैं, जिससे उनकी सुरक्षा को लेकर खतरा बना रहता है। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने ऐसे लोगों की पूरी जानकारी एकत्र की है।
ओवरलोड वाहनों पर चालानी कार्रवाई
अभियान के दौरान पुलिस ने बसों और अन्य यात्री वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां बिठाने वाले वाहन चालकों पर भी शिकंजा कसा। क्षमता से अधिक यात्री ले जा रहे ओवरलोड वाहनों के मालिकों और चालकों के खिलाफ पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कड़ी चालानी कार्रवाई की।
डिजिटल अरेस्ट को लेकर दी समझाइश
वाहन चेकिंग के साथ पुलिस ने यात्रियों को वर्तमान में चल रहे डिजिटल अरेस्ट जैसे गंभीर साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया। पुलिस अधिकारियों ने यात्रियों को समझाया कि सीबीआई, ईडी, पुलिस या कोई भी सरकारी एजेंसी फोन या वीडियो कॉल के जरिए किसी को डिजिटल अरेस्ट नहीं करती है। ऐसा कोई भी कॉल आने पर घबराएं नहीं, बल्कि तत्काल पुलिस या साइबर हेल्पलाइन नंबर पर इसकी सूचना दें।
मजदूरों से थाना प्रभारी की अपील
थाना प्रभारी ने रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों में जाने वाले श्रमिकों से अपील की है कि वे पलायन करने से पहले अपनी संबंधित ग्राम पंचायत से आवश्यक प्रमाण-पत्र जरूर प्राप्त करें। इसके साथ ही पंचायत के रजिस्टर में अपना नाम, पता और मोबाइल नंबर दर्ज कराएं ताकि किसी भी आपात स्थिति में उनकी मदद की जा सके। पुलिस ने यात्रा के दौरान सभी जरूरी दस्तावेज साथ रखने की हिदायत दी है।









