कपड़ा दुकान में जुआ खेलते आठ आरोपी गिरफ्तार
- कोष्टा मोहल्ला की कपड़ा दुकान में चल रहा था जुंआ
- नगदी 9 हजार 70 रूपए और ताश की गड्डियां जब्त
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले में अवैध जुआ और सट्टे के खिलाफ पुलिस प्रशासन द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक राजेश रघुवंशी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिवकुमार वर्मा एवं एसडीओपी मंडला पीयूष मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना कोतवाली पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने कोष्टा मोहल्ला स्थित एक कपड़ा दुकान पर दबिश देकर जुआ खेल रहे 8 आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
जानकारी अनुसार कोतवाली पुलिस को मुखबिर के जरिए पुख्ता सूचना मिली थी कि कोष्टा मोहल्ला स्थित एक कपड़ा दुकान के अंदर कुछ लोग हार-जीत की बाजी लगाकर ताश के पत्तों से जुआ खेल रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक शफीक खान के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन कर तत्काल मौके पर दबिश दी गई। पुलिस की अचानक हुई इस घेराबंदी से मौके पर हड़कंप मच गया और पुलिस ने फड़ पर मौजूद सभी 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
नगदी सहित ताश के पत्ते बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और फड़ से कुल 9,070 नगद बरामद किए हैं, जिसमें जुआ फड़ से 8 हजार 190 रूपए और आरोपियों की अमली तलाशी के दौरान उनके पास से 880 जब्त किए गए। इसके अलावा मौके से ताश के 52-52 पत्तों की 03 गड्डियां भी जप्त की गईं। पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
कार्रवाई में ये रहे शामिल
इस प्रभावी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शफीक खान, सउनि राघवेंद्र ठाकुर, प्रधान आरक्षक बलवंत तेकाम, आरक्षक रमेश, रजन, प्रियांश, मृदुल, धीरू, हनु, धर्मेंद्र एवं राजकुमार की सराहनीय और महत्वपूर्ण भूमिका रही।









