डिजिटल पुलिसिंग और जनमित्र पहल को मिलेगा नया विस्तार

मंडला पुलिस की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित

अपराध नियंत्रण और महिला सुरक्षा के लिए जीरो टॉलरेंस नीति पर जोर

  • डिजिटल पुलिसिंग और जनमित्र पहल को मिलेगा नया विस्तार
  • उत्कृष्ट कार्य के लिए बीजाडांडी पुलिस सम्मानित

मंडला महावीर न्यूज 29. पुलिस कंट्रोल रूम मंडला में पुलिस अधीक्षक राजेश रघुवंशी की अध्यक्षता में मासिक अपराध समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। जन सुरक्षा संकल्प पुलिस के ध्येय को लेकर आयोजित इस बैठक में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा, डिजिटल पुलिसिंग और जनसहयोग आधारित पुलिसिंग की विस्तृत समीक्षा की गई तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

लंबित अपराधों का शीघ्र निपटारा और महिला सुरक्षा पर दिया विशेष जोर 

बैठक में लंबित विवेचनाओं, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, एफएसएल रिपोर्ट और अनुसूचित जाति, जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम से जुड़े मामलों की समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना व चौकी प्रभारियों को समय-सीमा के भीतर मामलों का निराकरण करने के निर्देश दिए। विशेष रूप से महिला अपराधों और पॉक्सो अधिनियम के मामलों की संवेदनशीलता को देखते हुए इनका 60 दिनों के भीतर हर हाल में निराकरण सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।

डिजिटल बीट प्रणाली और आधुनिक तकनीक का विस्तार 

पुलिसिंग को और अधिक आधुनिक बनाने के लिए डिजिटल बीट प्रणाली को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। अब प्रत्येक बीट आरक्षक के पास अपने क्षेत्र का डिजिटल डेटा उपलब्ध रहेगा। इसके साथ ही सीसीटीएनएस, आईसीजेएस और एनसीआरपी पोर्टल का अधिकतम उपयोग कर शिकायतों के त्वरित निवारकरण, डिजिटल चालान और न्यायालयों के साथ ऑनलाइन समन्वय को और मजबूत किया जाएगा।

अवैध गतिविधियों पर जीरो टॉलरेंस और सड़क सुरक्षा 

अवैध शराब, जुआ-सट्टा, मादक पदार्थों की तस्करी और एनडीपीएस एक्ट के तहत आने वाले अपराधियों के खिलाफ पुलिस जीरो टॉलरेंस नीति अपनाएगी। सड़क सुरक्षा को लेकर जिले में विशेष वाहन चेकिंग और हेलमेट अनिवार्यता अभियान चलाए जाएंगे। इसके अलावा जनसहयोग से प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने और डायल-112 की गश्त को और अधिक प्रभावी बनाने की रूपरेखा तैयार की गई है।

उत्कृष्ट कार्य के लिए थाना बीजाडांडी पुरस्कृत 

समीक्षा बैठक के दौरान बेहतर जनसंपर्क, सीसीटीवी स्थापना, सीसीटीएनएस अनुपालन और सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के त्वरित निराकरण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर थाना बीजाडांडी की थाना प्रभारी श्रीमती अनीता कुड़ापे और उनकी टीम को पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रशंसा-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस बैठक में एसडीओपी मंडला पीयूष मिश्रा, एसडीओपी बिछिया सौरभ तिवारी, एसडीओपी नैनपुर मनीष राज सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।

इनका कहना है

प्रत्येक थाना प्रभारी अपनी टीम और बीट आरक्षकों को सक्रिय कर सूचना तंत्र को मजबूत बनाएं। जनता के सहयोग से जनमित्र पुलिसिंग को धरातल पर उतारा जाए ताकि हर नागरिक सुरक्षित महसूस करे।
राजेश रघुवंशी, पुलिस अधीक्षक, मंडला


Leave a Comment