नारायणगंज में शहनाज अख्तर की सुरमयी शाम
भगवा रंग के भजनों पर देर रात तक थिरका जनसैलाब
- बड़ी खेरमाई मंदिर नव-निर्माण महोत्सव में उमड़ी भारी भीड़
- सुप्रसिद्ध भजन गायिका शहनाज अख्तर ने बांधा समां
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के नारायणगंज में आस्था, श्रद्धा और संगीत का एक अनूठा संगम देखने को मिला। अवसर था सार्वजनिक बड़ी खेरमाई मंदिर के नव-निर्माण और भव्य धार्मिक महा-आयोजन का, जिसमें देश की सुप्रसिद्ध भजन गायिका शहनाज अख्तर की सुरमयी प्रस्तुतियों ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय कर दिया। शहनाज अख्तर को लाइव सुनने और देखने के लिए आसपास के क्षेत्रों से हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा।
भगवा रंग पर मंत्रमुग्ध हुए श्रद्धालु
भजन संध्या की शुरुआत देवी गीतों और वंदना से हुई, जिसके बाद जैसे ही शहनाज अख्तर ने अपना सुप्रसिद्ध भजन मुझे चढ़ गया भगवा रंग… गाना शुरू किया, पूरा पंडाल तालियों की गडग़ड़ाहट से गूंज उठा। इस दौरान श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर था और युवा से लेकर बुजुर्ग तक भक्ति के रस में डूबकर झूमते और थिरकते नजर आए।
भावविभोर हुआ पूरा पंडाल
आयोजन समिति ने बताया कि मंदिर प्रांगण में पैर रखने तक की जगह नहीं थी। शहनाज अख्तर ने एक के बाद एक कई प्रसिद्ध भजनों की बेहतरीन प्रस्तुतियां दीं। उनकी सशक्त आवाज और चिरपरिचित अंदाज ने उपस्थित जनसमुदाय को देर रात तक बांधे रखा। कई मौकों पर श्रद्धालु भावविभोर होकर हाथ उठाकर झूमने लगे, जिससे पूरा माहौल अलौकिक और उत्सव जैसा प्रतीत हो रहा था।
धार्मिक सद्भाव और आस्था का केंद्र
बड़ी खेरमाई मंदिर के नव-निर्माण के उपलक्ष्य में आयोजित यह धार्मिक कार्यक्रम क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थानीय नागरिकों और मंदिर समिति ने इस भव्य और सफल आयोजन के लिए सभी आगंतुकों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। लोगों का कहना था कि नारायणगंज के इतिहास में यह एक ऐतिहासिक और यादगार सांस्कृतिक शाम रही।










