पल्स पोलियो अभियान का शंखनाद

9 हजार से अधिक बच्चों को दो बूंद जिंदगी की पिलाने का लक्ष्य

  • नारायणगंज में पल्स पोलियो अभियान का शंखनाद
  • बूथ के बाद अब घर-घर दस्तक देगी स्वास्थ्य विभाग की टीमें

मंडला महावीर न्यूज 29. राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत नारायणगंज ब्लॉक में शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को सुरक्षा चक्र प्रदान करने की मुहिम रविवार 28 जून से शुरू हो गई है। तीन दिनों तक चलने वाले इस महाअभियान के तहत ब्लॉक के कुल 9 हजार 119 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया गया है। सीबीएमओ डॉ. अमृत लाल कोल ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी सार्वजनिक स्थलों के साथ बस स्टेंड में भी पोलियो बूथ बनाया था। जिससे आने जाने वाले यात्री भी अपने बच्चों को दो बूंद जिदंगी की पिला सके और कोई भी बच्चा छूट ना पाए।अभियान की विस्तृत कार्ययोजना और तैयारियों की जानकारी देते हुए नारायणगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के सीबीएमओ डॉ. अमृत लाल कोल ने बताया कि अभियान के पहले दिन को पोलियो रविवार के रूप में मनाया गया। इसके तहत ब्लॉक के प्रत्येक ग्राम में विशेष पोलियो बूथ स्थापित किए गए थे। इन बूथों पर सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक तैनात स्वास्थ्य कर्मियों ने तत्परता से बच्चों को दो बूंद जिंदगी की पिलाई। पहले ही दिन ग्रामीणों में भारी उत्साह देखा गया और माता-पिता अपने नौनिहालों को लेकर बूथों पर पहुंचे।

अगले दो दिन घर-घर जाएगी टीम 

डॉ. अमृत लाल कोल ने बताया कि जो बच्चे किसी अपरिहार्य कारणवश पहले दिन बूथ तक नहीं पहुंच पाए हैं, उन्हें निराश होने की आवश्यकता नहीं है। अभियान के दूसरे और तीसरे दिन 29 और 30 जून स्वास्थ्य विभाग की विशेष टीमें ब्लॉक के हर गांव और टोले में घर-घर जाकर भ्रमण करेंगी। इस मॉप-अप राउंड के जरिए यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी बच्चा इस जीवन रक्षक दवा से वंचित न रहे। प्रशासन ने सभी क्षेत्रीय नागरिकों से अपील की है कि वे इस अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें और 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को अनिवार्य रूप से पोलियो की खुराक पिलाएं। यह अभियान आगामी 30 जून तक अनवरत जारी रहेगा।


जिले को 1 लाख 10 हजार से अधिक बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य

  • नपा अध्यक्ष और जिला पंचायत सीईओ ने नौनिहालों को पिलाई दो बूंद जिंदगी की
  • तीन दिन चलेगा अभियान

मंडला महावीर न्यूज 29.  जिले में तीन दिवसीय राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ हुआ। सीएमएचओ डॉ. डीजे मोहंती ने बताया कि नगर पालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा एवं जिला पंचायत सीईओ शाश्वत मीणा ने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान की शुरुआत की।जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. वायके झारिया ने बताया कि मंडला जिले के लिए 1,10,615 बच्चों का लक्ष्य तय किया गया है। पहले दिन सुबह 8 से शाम 5 बजे तक बूथों पर दवा पिलाई गई, जबकि अगले दो दिन टीमें घर-घर जाकर छूटे बच्चों को कवर करेंगी। अभियान की सफलता के लिए जिले में 1289 टीमें, 67 ट्रांजिट बूथ और 36 मोबाइल टीमें गठित की गई हैं। इस दौरान डॉ. डीके मरकाम, डॉ. जितेंद्र परते, डॉ. सूरज मरावी सहित स्वास्थ्य विभाग का स्टाफ, एएनएम और आशा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


Leave a Comment