हाईवे पर ट्रकों से डीजल उड़ाने वाला आदतन अपराधी अंशु ठाकुर गिरफ्तार, कार और नकदी जब्त
- 12 संगीन मामलों का आरोपी अब डीजल चोरी में धराया
- नैनपुर में ट्रक से साफ किया था 150 लीटर डीजल, साथी की तलाश जारी
मंडला महावीर न्यूज 29. जिला पुलिस कप्तान राजेश रघुवंशी के कड़े निर्देशन में नैनपुर पुलिस को हाईवे पर सक्रिय शातिर चोरों के खिलाफ एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार वर्मा एवं एसडीओपी नैनपुर मनीष राज के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने ट्रकों से डीजल चोरी करने वाले एक आदतन और नामी अपराधी को दबोच लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी का डीजल बेचने से मिली नकदी, वारदात में इस्तेमाल लग्जरी कार और अन्य सामग्री बरामद की है।
खड़े ट्रक से पार कर दिया था 150 लीटर डीजल
पुलिस से मिली जानकारी अनुसार छिंदवाड़ा जिले के उमरानाला निवासी ट्रक चालक शेख शरीफ कुरैशी ने नैनपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि बीते 21 जून की रात वह गेहूं की खेप लेकर नैनपुर आया था और अपना ट्रक क्रमांक एमएच 40-9586 निवारी क्षेत्र में खड़ा कर आराम कर रहा था। अगली सुबह जब उसने ट्रक की डीजल टंकी चेक की, तो उसमें से करीब 150 लीटर डीजल गायब था। फरियादी की रिपोर्ट पर नैनपुर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
घेराबंदी कर दबोचा गया निगरानी बदमाश अंशु ठाकुर
विवेचना के दौरान मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने नैनपुर थाने के ही निगरानी बदमाश अंशु उर्फ भूरा ठाकुर पिता राजकुमार ठाकुर, निवासी निवारी को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में आरोपी ने टूटकर अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने स्वीकार किया कि उसने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर रात के अंधेरे में ट्रक से डीजल चोरी किया था और उसे बाजार में बेच दिया था। पुलिस ने आरोपी अंशु को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है।
लूट, डकैती और हत्या के प्रयास जैसे 12 मामले हैं दर्ज
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त सामग्री और माल जब्त कर लिया है। जिसमें डीजल बेचने से मिले 8 हजार रूपए नगद, वारदात में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट डिजायर कार, डीजल चोरी करने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले 02 बड़े प्लास्टिक के जरीकेन जब्त किये गए है। पकड़ा गया आरोपी अंशु उर्फ भूरा ठाकुर कोई छोटा-मोटा चोर नहीं, बल्कि एक बेहद शातिर और आदतन अपराधी है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उसके खिलाफ मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों के थानों में लूट, डकैती, चोरी, राहजनी, मारपीट, हत्या के प्रयास (धारा 307) और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर अपराधों के कुल 12 आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस शातिर अपराधी को दबोचने और हाईवे चोरी का खुलासा करने में नैनपुर थाना प्रभारी निरीक्षक मंशाराम वगेन, उप निरीक्षक दीपक बघेल, आरक्षक नवीन, ओमप्रकाश और आशीष साहू की विशेष और सराहनीय भूमिका रही। पुलिस अब इस मामले में फरार चल रहे दूसरे सह-आरोपी की तलाश में जगह-जगह दबिश दे रही है।









