महुआ के पेड़ से लटका मिला अधेड़ का शव

निवास के करौंदी में सनसनी

महुआ के पेड़ से लटका मिला अधेड़ का शव, जांच में जुटी पुलिस

  • ढाबे के पास फंदे पर झूलता मिला मजदूर का शव
  • रात को टहलने निकला था मृतक, सुबह ग्रामीणों ने देखा

मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले के निवास थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम करौंदी में शुक्रवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब ग्रामीणों ने एक अधेड़ व्यक्ति का शव फांसी के फंदे पर लटका हुआ देखा। घटना की खबर लगते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर तत्काल पहुंची निवास थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में ले लिया है।जानकारी अनुसार शुक्रवार की सुबह ग्राम करौंदी में स्थित जायका ढाबा के पास एक महुआ के पेड़ पर ग्रामीणों की नजर पड़ी, जहां एक व्यक्ति का शव फंदे से लटक रहा था। ग्रामीणों ने बिना देर किए इसकी सूचना तुरंत निवास पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को फंदे से नीचे उतरवाया। मृतक की पहचान शहजान कुशराम उम्र लगभग 42 वर्ष, पिता स्व. सुंदर कुशराम के रूप में हुई है, जो कि ग्राम करौंदी का ही निवासी था और मजदूरी कर अपना जीवनयापन करता था।

रात को खाना खाकर टहलने निकला था मृतक 

मृतक के पुत्र प्रदीप ने बताया कि उसके पिता शहजान गुरुवार की रात को हमेशा की तरह खाना खाने के बाद बाहर घूमने की बात कहकर घर से निकले थे। जब वे देर रात तक वापस नहीं लौटे, तो परिजनों को ज्यादा चिंता नहीं हुई। परिजनों का सोचना था कि वे पहले भी कई बार बिना बताए कहीं चले जाते थे और अगले दिन खुद ही वापस लौट आते थे। इसी उम्मीद में परिवार के लोग रात को सो गए थे, लेकिन सुबह सीधे उनकी मौत की खबर सामने आई।

पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा 

निवास थाना पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के बाद शव का पंचनामा तैयार किया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है। अधेड़ ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। निवास पुलिस घटना के असली कारणों का पता लगाने के लिए मृतक के परिजनों और ग्रामीणों से लगातार पूछताछ कर मामले की विस्तृत जांच कर रही है।


रिपोर्टर- रोहित प्रशांत चौकसे


 

Leave a Comment