रक्तदान-महादान
संत निरंकारी फाउंडेशन के शिविर में 100 रक्तदाताओं ने पेश की मानवता की मिसाल
- मंडला में विशाल रक्तदान शिविर आयोजित
- 87 पुरुषों और 13 महिलाओं ने किया 100 यूनिट महादान
- जिला ब्लड बैंक को सौंपा
मंडला महावीर न्यूज 29. मानव एकता दिवस के पावन अवसर पर स्थानीय संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन के तत्वाधान में एक विशाल रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। मानवता की सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है के संकल्प के साथ आयोजित इस शिविर में पुरुषों, महिलाओं और युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शिविर के दौरान कुल 100 यूनिट रक्त एकत्रित कर जिला चिकित्सालय मंडला के ब्लड बैंक को सुपुर्द किया गया, जो जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायिनी साबित होगा।
जानकारी अनुसार रक्तदान शिविर विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि 148 बटालियन के द्वितीय कमान अधिकारी रत्नेश कुमार सिंह ने रिबन काटकर किया। इस अवसर पर रक्तदाताओं का हौसला बढ़ाते हुए उन्होंने कहा कि रक्तदान दुनिया का सबसे बड़ा महादान है। हमारे द्वारा दान की गई रक्त की एक-एक बूंद से कई जरूरतमंद लोगों का अमूल्य जीवन बचाया जा सकता है। समाज के प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर इस मानवीय कार्य के लिए आगे आना चाहिए।

चिकित्सकीय टीम की रही गरिमामयी उपस्थिति
शिविर को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए जिला चिकित्सालय मंडला की विशेष टीम मौजूद रही। इसमें मुख्य रूप से सिविल सर्जन डॉ. विजय धुर्वे, पैथोलॉजी विशेषज्ञ डॉ. योगेश सिरश्याम एवं जिला ब्लड बैंक का सहयोगी स्टाफ शामिल था, जिन्होंने पूरी सजगता के साथ रक्त संग्रहण का कार्य किया।

सेवादारों ने संभाली कमान, रक्तदाताओं को मिला सम्मान
शिविर की सफलता में संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन के पदाधिकारियों एवं सेवादारों की प्रबंधन व्यवस्था सराहनीय रही। संस्था की ओर से रक्तदाताओं के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखते हुए उनके लिए स्वल्पाहार, भोजन, चाय, जूस, फल और रक्तदान के बाद आराम करने के लिए उत्कृष्ट व्यवस्थाएं की गईं। इसके साथ ही मानव सेवा के इस पावन कार्य में सहभागिता निभाने वाले सभी रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

भाईचारे और संवेदना का दिया संदेश
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित वक्ताओं ने फाउंडेशन के इस प्रयास की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में आपसी सहयोग, संवेदना, और भाईचारे की भावना को मजबूत करते हैं। 87 पुरुषों और 13 महिलाओं द्वारा किया गया यह कुल 100 यूनिट का रक्तदान जिला अस्पताल में आपातकालीन समय पर मरीजों के लिए बेहद मददगार साबित होगा। यह प्रेरणादायी प्रयास निश्चित रूप से समाज के अन्य लोगों को भी सेवा कार्य के लिए प्रेरित करेगा।
इनका कहना है
आज पहली बार रक्तदान किया ।संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन के द्वारा आयोजित शिविर की जानकारी मिलने पर आज शिविर में सहभागिता की और रक्तदान करते हुए मानव सेवा की भावना को महत्वपूर्ण माना।
जीवन में आज दूसरी बार रक्तदान करने का अवसर प्राप्त हुआ। परिवार में हमेशा दूसरों की मदद करने के लिए संस्कार मिले हैं और उसी को निभाते हुए इस पुनीत कार्य में आज सहभागिता करने का अवसर प्राप्त हुआ।
मानव जीवन में रक्त की महत्वपूर्ण आवश्यकता को देखते हुए हमेशा से ही रक्तदान की प्रेरणा मिली। इसी भावना को पूर्ण करने के लिए आज पहली बार रक्तदान करने के बाद बेहतर महसूस कर रहा हूं।
मुझे इस रक्तदान शिविर की जानकारी मिली और मैं आज पहली बार यहां पर रक्तदान करने के लिए शामिल हुआ। इस पुनीत कार्य में सहभागी बनने के बाद मानवता की सेवा के लिए पहल में अपना योगदान दिया।














