सजगता ही साइबर अपराधियों से बचने का सबसे बड़ा हथियार
फर्जी लोन ऐप और डिजिटल अरेस्ट से बचें
- छात्रों को दिलाई साइबर सुरक्षा की शपथ
- टिकरिया पुलिस ने सेफ क्लिक 2.0 अभियान के तहत स्कूली बच्चों को किया जागरूक
मंडला महावीर न्यूज 29. बढ़ते साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने और युवा पीढ़ी को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से नारायणगंज टिकरिया सांदीपनि विद्यालय में सेफ क्लिक 2.0 साइबर जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में टिकरिया थाना प्रभारी प्रदीप पांडे मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने छात्र-छात्राओं को वर्तमान समय में हो रहे विभिन्न प्रकार के साइबर फ्रॉड के प्रति सचेत किया।
कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी प्रदीप पांडे ने विद्यार्थियों को तकनीकी दौर में सुरक्षित रहने के महत्वपूर्ण टिप्स दिए। उन्होंने फर्जी लोन ऐप, संदिग्ध डिलीवरी मैसेज, डिजिटल अरेस्ट, निवेश के नाम पर होने वाली ठगी और सोशल मीडिया फ्रॉड से बचने के व्यावहारिक तरीके बताए। उन्होंने जोर देकर कहा कि सजगता ही साइबर अपराधियों से बचने का सबसे बड़ा हथियार है। इस दौरान सभी छात्रों को साइबर फ्रॉड से खुद बचने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई गई।
प्रतियोगिता के विजेताओं को मिला नकद पुरस्कार
अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए छात्रों के लिए 20 प्रश्नों की एक परीक्षा भी आयोजित की गई। इस परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम दो विजेताओं को थाना प्रभारी प्रदीप पांडे द्वारा 200-200 रुपये का नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया, जिससे बच्चों का उत्साहवर्धन हुआ। इस कार्यक्रम में सांदीपनि विद्यालय की प्राचार्य अर्चना नेमा, संगीता गुप्ता, ब्लॉक खेल समन्वयक श्रीमती करुणा मर्सकोले सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। इसके साथ ही पुलिस प्रशासन की ओर से थाना प्रभारी प्रदीप पांडे के साथ आरक्षक प्रशांत बघेल, नियासा परते एवं अन्य स्टाफ मुख्य रूप से मौजूद रहे।










