क्रूरता की हदें पार: ट्रक में ठूंस-ठूंस कर भरे थे 45 मवेशी

नैनपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

जंगल में घेराबंदी कर मवेशियों से भरा ट्रक पकड़ा, 45 भैंस व बछड़े मुक्त

  • क्रूरता की हदें पार: ट्रक में ठूंस-ठूंस कर भरे थे 45 मवेशी
  • इरफान और इरशाद कुरैशी गिरफ्तार, दो बाइक भी जब्त

मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिला पुलिस ने पशु तस्करी और क्रूरता के खिलाफ एक बार फिर प्रभावी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक (SP) श्री राजेश रघुवंशी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री शिवकुमार वर्मा तथा एसडीओपी नैनपुर मनीष राज के मार्गदर्शन में नैनपुर थाना पुलिस ने अमानवीय तरीके से ले जाए जा रहे 45 मवेशियों को मुक्त कराने में सफलता हासिल की है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।

जंगल में घेराबंदी कर पकड़ा ट्रक

जानकारी के अनुसार, दिनांक 24 जून 2026 को थाना नैनपुर पुलिस को क्षेत्र भ्रमण के दौरान मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि ग्राम हमनगांव और मलधा के बीच जंगल क्षेत्र में एक संदिग्ध ट्रक खड़ा है, जिसमें भारी संख्या में मवेशी भरे हुए हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक मंशाराम वगेन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। वहां ट्रक क्रमांक MP20 ZK 3507 खड़ा मिला, जिसकी तलाशी लेने पर पुलिस के होश उड़ गए। ट्रक के भीतर 45 नग भैंस एवं बछड़े/बोड़े अत्यंत क्रूरतापूर्वक रस्सियों से ठूंस-ठूंस कर बांधे गए थे।

दो तस्कर गिरफ्तार, गाड़ियां भी जब्त

पुलिस ने मौके पर मौजूद दो संदिग्धों को हिरासत में लिया, जिन्होंने पूछताछ में अपने नाम इरफान कुरैशी और मो. इरशाद कुरैशी बताए। मौके पर तस्करी में इस्तेमाल होने वाली दो मोटरसाइकिलें (क्रमांक MP51 JE 9418 एवं डिलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक MP17 HC 3012) भी बरामद हुईं। पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में सभी 45 मवेशियों, ट्रक और दोनों बाइकों को विधिवत जब्त कर लिया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपियों द्वारा इन मवेशियों को बिना चारा-पानी दिए, तंग हालत में अमानवीय तरीके से परिवहन किया जा रहा था। मुक्त कराए गए सभी बेजुबान मवेशियों को सुरक्षित रूप से नैनपुर कांजी हाउस भेज दिया गया है, वहीं जब्त वाहनों को थाना परिसर में खड़ा कराया गया है।

सराहनीय भूमिका

इस त्वरित और सफल कार्रवाई में नैनपुर थाना प्रभारी निरीक्षक मंशाराम वगेन, उप निरीक्षक के.के. विश्वकर्मा, सहायक उपनिरीक्षक (सउनि) जगदीश सैयाम, सउनि रविन्द्र नेताम, प्रधान आरक्षक कुलदीप यादव और आरक्षक शैलेंद्र का विशेष योगदान रहा। पुलिस मामले की आगे की विवेचना कर रही है।


Leave a Comment