नर्मदा में नहाते समय 15 वर्षीय किशोर डूबा

माहिष्मती घाट पर नर्मदा में नहाते समय 15 वर्षीय किशोर डूबा

युवक की तालाश में चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

  • दोस्तों के साथ नर्मदा नहाने गया किशोर गहरे पानी में समाया
  • मंडला के माहिष्मती घाट पर चौथी घटना से आक्रोश

मंडला महावीर न्यूज 29.  माहिष्मती घाट स्थित एनीकट के पास गुरुवार सुबह नर्मदा नदी में नहाने के दौरान एक 15 वर्षीय किशोर गहरे पानी में डूब गया। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची एसडीईआरएफ (SDERF) की टीम और स्थानीय गोताखोरों द्वारा लगातार तलाश अभियान चलाया गया, जो दोपहर 01 बजे तक जारी था। काफी मशक्कत के बाद युवक का शव गहरे पानी में मिला।

दोस्तों के सामने पल भर में ओझल हुआ क्षितिज

जानकारी अनुसार देवदरा निवासी 15 वर्षीय क्षितिज परस्ते अपने दो दोस्तों के साथ सुबह नर्मदा नदी में नहाने के लिए माहिष्मती घाट गया हुआ था। नहाने के दौरान क्षितिज का पैर अचानक फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। उसे डूबता देख साथ मौजूद दोस्तों ने उसे बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन देखते ही देखते वह तेज बहाव और गहरे पानी में लापता हो गया।

मौके पर पहुंचे आला अधिकारी

हादसे की खबर मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला तुरंत हरकत में आया। पुलिस अधीक्षक (SP) राजेश रघुवंशी, एसडीओपी पीयूष मिश्रा तथा कोतवाली थाना प्रभारी शफीक खान दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों की देखरेख में एसडीईआरएफ की टीम मोटर बोट और गोताखोरों की मदद से नदी में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू की। काफी मशक्कत के बाद युवक का शव मिला।

महीने भर में चौथी घटना: सुरक्षा पर उठे सवाल

स्थानीय निवासियों ने बताया कि माहिष्मती घाट और उसके आसपास के क्षेत्र में पिछले एक महीने के भीतर डूबने की यह चौथी घटना है। लगातार हो रहे इन हादसों के बाद अब प्रशासन की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।

सुरक्षा पुख्ता करने की मांग तेज

नर्मदा घाटों पर लगातार बढ़ रही इन दुखद घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश है। ग्रामीणों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने मांग की है की नदी के सभी संवेदनशील और गहरे पानी वाले क्षेत्रों को चिन्हित किया जाए। घाटों पर स्पष्ट चेतावनी संकेतक (Danger Signs) और बैरिकेडिंग लगाई जाए। हादसों को रोकने के लिए संवेदनशील समय पर सुरक्षा गार्डों की तैनाती और निगरानी बढ़ाई जाए।


Leave a Comment