सेफ क्लिक अभियान-साइबर फ्रॉड के प्रति सतर्कता जरूरी

मवई थाने में ‘सेफ क्लिक’ अभियान के तहत प्रेस वार्ता

नवागत थाना प्रभारी आरती तेकाम ने दी साइबर सुरक्षा की जानकारी

  • महिला सुरक्षा को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता
  • ऑनलाइन ठगी और डिजिटल अरेस्ट से बचने के लिए ‘मीडिया’ से मांगा सहयोग

मंडला महावीर न्यूज 29. पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार चलाए जा रहे देशव्यापी “सेफ क्लिक साइबर सुरक्षा अभियान” के अंतर्गत बुधवार को मवई पुलिस थाने में एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इस दौरान क्षेत्र के विभिन्न समाचार पत्रों, डिजिटल मीडिया और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों ने प्रमुखता से सहभागिता की।

तेजी से बढ़ते साइबर फ्रॉड के प्रति सतर्कता ज़रूरी

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए मवई की नवागत थाना प्रभारी श्रीमती आरती तेकाम ने वर्तमान समय में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधी लगातार नए-नए और तकनीकी तरीकों से भोले-भाले लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं, इसलिए प्रत्येक नागरिक को डिजिटल माध्यमों का उपयोग करते समय विशेष सावधानी बरतनी चाहिए।थाना प्रभारी ने ऑनलाइन बैंकिंग फ्रॉड, फर्जी लिंक, सोशल मीडिया हैकिंग, फर्जी कॉल, निवेश के नाम पर धोखाधड़ी, केवाईसी (KYC) अपडेट और हाल ही में बढ़ रहे ‘डिजिटल अरेस्ट’ के मामलों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपना ओटीपी (OTP), बैंक खाता विवरण, एटीएम कार्ड नंबर या यूपीआई (UPI) पिन जैसी गोपनीय जानकारी कभी साझा न करें।

महिला सुरक्षा और कानून व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता

साइबर सुरक्षा के साथ-साथ नवागत थाना प्रभारी ने मवई क्षेत्र में बेहतर कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिला एवं बालिका सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और उन्हें सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए मवई पुलिस अत्यंत संवेदनशील और सक्रिय रूप से कार्य कर रही है।

हेल्पलाइन 1930 का करें उपयोग

थाना प्रभारी आरती तेकाम ने मीडिया जगत से आह्वान किया कि वे साइबर सुरक्षा संबंधी जागरूकता को सुदूर वनांचल के गांवों और अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने में पुलिस का सहयोग करें। उन्होंने संदेश दिया कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर बिना डरे तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या नजदीकी पुलिस थाने में संपर्क करें।

कार्यक्रम के अंत में पत्रकारों द्वारा पूछे गए जनसुरक्षा और कानून व्यवस्था से जुड़े विभिन्न सवालों का थाना प्रभारी ने विस्तारपूर्वक जवाब दिया। इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार लक्ष्मी कांत पाठक, साबिर खान, संदीप श्रीवास, मदन चक्रवर्ती, शुभम बैरागी, एजाज खान समेत अनेक गणमान्य नागरिक और पुलिस स्टाफ उपस्थित रहा।


रिपोर्टर- संदीप श्रीवास, मवई


Leave a Comment