घुघरी पुलिस ने पेश की इंसानियत की मिसाल
- नवागत थाना प्रभारी प्रकाश चंद्र और स्टाफ ने किया स्वैच्छिक रक्तदान
- कानून व्यवस्था के साथ सामाजिक सरोकार में आगे आई पुलिस
मंडला महावीर न्यूज 29. पुलिस विभाग जहां एक ओर कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा की कमान पूरी मुस्तैदी से संभालता है, वहीं दूसरी ओर सामाजिक सरोकारों और मानवीय संवेदनाओं में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहा है। इसी सेवाभावी कड़ी में आज थाना घुघरी के नवागत थाना प्रभारी प्रकाश चंद्र सेन के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों और जवानों ने जिला अस्पताल के सहयोग से रक्तदान कर समाज के सामने एक अनुकरणीय और प्रेरणादायी उदाहरण पेश किया है।
बताया गया कि नवागत थाना प्रभारी प्रकाश चंद्र सेन ने स्वयं आगे बढ़कर रक्तदान कर इस पुनीत कार्य की शुरुआत की। इस अवसर पर उन्होंने आम जनता के नाम एक सकारात्मक संदेश देते हुए कहा कि रक्तदान वास्तव में महादान है। हमारे द्वारा किया गया यह छोटा सा प्रयास किसी भी गंभीर मरीज या दुर्घटनाग्रस्त जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन दे सकता है। पुलिस का उद्देश्य केवल अपराधियों में डर पैदा करना नहीं, बल्कि समाज के हर सुख-दुख में सहभागी बनना भी है। थाना प्रभारी के इस सेवा भाव और जज्बे से प्रेरित होकर थाने के अन्य अधिकारियों और जवानों ने भी उत्साहपूर्वक ब्लड डोनेशन कैंप में हिस्सा लिया।

पुलिस स्टाफ ने भी निभाई सक्रिय भागीदारी
इस मानवीय और पुनीत कार्य में केवल थाना प्रभारी ही नहीं, बल्कि उनके पूरे स्टाफ ने कंधे से कंधा मिलाकर सहभागिता निभाई। कैंप के दौरान उप निरीक्षक रामकिशोर माथरे और सहायक उप निरीक्षक चंदर सिंह पट्टा सहित घूघरी थाने के अन्य पुलिस बल के जवानों ने भी अत्यंत सक्रिय रूप से हिस्सा लिया और बारी-बारी से अपना रक्तदान किया।
क्षेत्र की जनता और जनप्रतिनिधियों ने की सराहना
नवागत थाना प्रभारी और घुघरी पुलिस टीम द्वारा अल्प समय में किए गए इस अत्यंत सराहनीय और मानवीय कार्य की क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, गणमान्य नागरिकों और आम जनता द्वारा जमकर सराहना की जा रही है। स्थानीय प्रबुद्ध जनों का कहना है कि पुलिस का यह संवेनदशील और मानवीय रूप समाज में एक बेहद सकारात्मक संदेश देने का काम करेगा। ऐसे आयोजनों से न केवल जरूरतमंदों की जान बचेगी, बल्कि आम जनता और पुलिस के बीच आपसी विश्वास और संबंध भी और अधिक प्रगाढ़ व मजबूत होंगे।









