वीरांगना रानी दुर्गावती का रज कलश पहुंचा मंडला

वीरांगना रानी दुर्गावती का रज कलश पहुंचा मंडला

  • 24 जून को माहिष्मती घाट पर होगा भव्य पूजन, उमड़ेगी जनमेदिनी
  • कालिंजर किले से आए पवित्र रज कलश से पूरे जिले में गूंजेगा नारी शक्ति और स्वाभिमान का शंखनाद

मंडला महावीर न्यूज 29. भारतीय इतिहास की महान शौर्य प्रतीक और गोंडवाना साम्राज्य की शासक वीरांगना रानी दुर्गावती के बलिदान दिवस के पावन अवसर पर मंडला जिले के लिए एक गौरवपूर्ण क्षण आया है। रानी दुर्गावती के जन्म स्थल, ऐतिहासिक कालिंजर किला बांदा जिला, उत्तर प्रदेश की पवित्र मिट्टी को समाहित किए हुए रज कलश मंडला जिले की पावन धरा पर पहुंच चुका है। इस अत्यंत पावन और ऐतिहासिक रज कलश का भव्य पूजन कार्यक्रम 24 जून को सुबह 10 बजे नर्मदा नदी के सुप्रसिद्ध माहिष्मती घाट के तट पर होना सुनिश्चित हुआ है।

नारी शक्ति और स्वाभिमान के जागरण का संकल्प 

समाजसेवी सुधीर कांसकार ने बताया कि इस रज कलश को जिले में लाने का मुख्य उद्देश्य रानी दुर्गावती के अदम्य साहस, त्याग और देशप्रेम की भावना को जन-जन तक पहुंचाना है। यह पवित्र कलश संपूर्ण जिले के विभिन्न ग्रामों और अंचलों में भ्रमण करेगा, जिसका उद्देश्य ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में नारी शक्ति और उनके स्वाभिमान का जागरण करना है। रानी दुर्गावती का जीवन हर युग में महिलाओं के स्वावलंबन और शौर्य का सबसे बड़ा उदाहरण रहा है, और यह यात्रा उसी चेतना को दोबारा जाग्रत करेगी।

सपरिवार उपस्थिति की भावपूर्ण अपील 

24 जून को आयोजित होने वाले इस मुख्य पूजन कार्यक्रम को लेकर पूरे जिले में भारी उत्साह का माहौल है। आयोजन समिति ने मंडला जिले और आसपास के सभी नागरिकों, मातृशक्ति, युवाओं और प्रबुद्ध जनों से भावपूर्ण अपील की है कि वीरांगना रानी दुर्गावती के बलिदान दिवस पर आयोजित इस ऐतिहासिक रज कलश पूजन कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।


 

Leave a Comment