आर्य वीरों ने किया अदम्य साहस और शौर्य का प्रदर्शन
- मंडला में राष्ट्रीय शिविर प्रतिभागियों का स्वागत
- गाजीपुर गुरुकुल में गूंजे वैदिक संस्कार
मंडला महावीर न्यूज 29. काशी विश्वनाथ वैदिक गुरुकुल जिलेहरी घाट, गाजीपुर के तत्वावधान में राष्ट्रीय शिविर प्रतिभागियों के स्वागत एवं शौर्य प्रदर्शन समारोह का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कुरुक्षेत्र हरियाणा में आयोजित राष्ट्रीय शिविर में सहभागिता कर लौटे आर्य वीरों और आर्य वीरांगनाओं ने अपने अद्भुत अनुशासन, साहस, आत्मरक्षा कौशल और वैदिक संस्कारों का बेहद प्रेरणादायक प्रदर्शन प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमुदाय को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बम्हनी के समाजसेवी संतोष गोयल व विशिष्ट अतिथि उत्कृष्ट विद्यालय मंडला की प्राचार्या श्रीमती कल्पना नामदेव उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता गुरुकुल एवं गौशाला समिति के अध्यक्ष प्रेमलाल गुप्ता ने की।
इस अवसर पर अध्यक्ष के सहपाठी पूर्व सैनिकों, पतंजलि समिति के सदस्यों, आर्य समिति के अध्यक्ष विभू आर्य, सनातन धर्मोत्सव समिति के अध्यक्ष रंजीत कुशवाहा और ओम मॉडल स्कूल के प्राचार्य सहित गुरुकुल समिति के समस्त पदाधिकारियों ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया। सभी अतिथियों ने राष्ट्रीय शिविर से लौटे प्रतिभावान बच्चों को सम्मानित करते हुए उनकी राष्ट्रभक्ति, उत्कृष्ट प्रदर्शन और वैदिक संस्कृति के प्रति समर्पण की मुक्त कंठ से सराहना की।
वक्ताओं ने बच्चों को जीवन में संस्कारयुक्त शिक्षा ग्रहण करने तथा राष्ट्र निर्माण में अपनी भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। शौर्य प्रदर्शन, वैदिक यज्ञ और देशप्रेम से ओतप्रोत उद्बोधनों के साथ संपन्न हुए इस कार्यक्रम के अंत में गुरुकुल परिवार ने सभी अतिथियों, समाजसेवियों, पूर्व सैनिकों और नागरिकों का हृदय से आभार व्यक्त किया।









