बारिश से पहले नहीं सुधरी माड़ोगढ़ की पुलिया तो टूट जाएगा दर्जनों गांवों का संपर्क
- दुर्घटना का बना अंदेशा, जनपद अध्यक्ष ने खोला मोर्चा
- पीएमजीएसवाय के तहत बनी सड़क और पुलिया पहली ही बारिश में ढहने की कगार पर
मंडला महावीर न्यूज 29. प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत भ्रष्टाचार और प्रशासनिक लापरवाही का एक बड़ा मामला सामने आया है। मंडला से जबलपुर मुख्य मार्ग पर कुंडा मैली होते हुए चौकी, माड़ोगढ़ और सलैया के लिए वर्ष 2023-24 में एक सड़क और पुल-पुलिया का निर्माण स्वीकृत हुआ था। निर्माण कार्य पूरा हुए अभी ज्यादा समय नहीं बीता है, लेकिन माड़ोगढ़ के पास नदी पर बनी पुलिया की स्थिति बेहद जर्जर हो चुकी है। यहाँ नदी के तेज बहाव और मिट्टी धंसने के कारण पुलिया का एक बड़ा किनारा टूटकर अलग हो चुका है और सड़क कटकर आधी रह गई है।
बताया गया कि ग्रामीणों की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद जनपद अध्यक्ष आसाराम भारती ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। जमीनी हकीकत देखने के बाद उन्होंने जिला कलेक्टर को एक पत्र लिखकर मामले की गंभीरता से अवगत कराया है और तुरंत मरम्मत कार्य शुरू कराने की मांग की है।
हादसों को न्यौता, विभाग ने नहीं लगाए संकेतक
चौंकाने वाली बात यह है कि सड़क आधी कट चुकी है और पुलिया कभी भी ढह सकती है, लेकिन जिम्मेदार विभाग या स्थानीय प्रशासन द्वारा यहाँ सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं किए गए हैं। वाहन चालकों को सचेत करने के लिए आगे-पीछे कहीं भी कोई सांकेतिक बोर्ड या सावधान का बोर्ड नहीं लगाया गया है, जो किसी बड़ी दुर्घटना को खुला निमंत्रण दे रहा है।
बारिश में बंद हो जाएगा ग्रामीणों का आवागमन
जनपद अध्यक्ष आसाराम भारतीया और स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि मानसून की दस्तक होने वाली है। अगर समय रहते बारिश शुरू होने से पहले इस पुलिया और कटी हुई सड़क का सुदृढ़ीकरण व मरम्मत कार्य नहीं कराया गया, तो आगामी तेज बारिश में यह पुलिया पूरी तरह बह जाएगी। ऐसा होने पर इस क्षेत्र के दर्जनों गांवों के ग्रामीणों का जिला मुख्यालय और जबलपुर मुख्य मार्ग से संपर्क पूरी तरह टूट जाएगा। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से अविलंब इस ओर ध्यान देने और ठेकेदार व संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई करते हुए तुरंत सुधार कार्य शुरू कराने की मांग की है।










