घुघरी के मेडिकल स्टोर पर प्रशासन का छापा
- अवैध चिकित्सकीय प्रैक्टिस की शिकायत पर संयुक्त टीम ने दबोचा
- साक्ष्य जुटाकर वैधानिक कार्रवाई शुरू
मंडला महावीर न्यूज 29. कलेक्टर के निर्देशन में स्वास्थ्य और प्रशासनिक अमले ने बड़ी कार्रवाई करते हुए घुघरी क्षेत्र में संचालित एक मेडिकल स्टोर पर छापामार कार्रवाई की है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (ष्टरू॥ह्र) डॉ. डी.जे. मोहंती द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, इस मेडिकल स्टोर पर अवैध रूप से चिकित्सकीय प्रैक्टिस (मरीजों का इलाज) किए जाने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए अनुविभागीय अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग की विशेष टीम और ड्रग इंस्पेक्टर ने संयुक्त रूप से प्रतिष्ठान पर अचानक दबिश दी।
साक्ष्य संकलित, वैधानिक कार्रवाई जारी
कार्रवाई के दौरान संयुक्त टीम ने मेडिकल स्टोर का गहन निरीक्षण किया। टीम ने मौके पर मौजूद आवश्यक दस्तावेजों, अभिलेखों और तथ्यों का बारीकी से परीक्षण करते हुए अवैध प्रैक्टिस से जुड़े साक्ष्य संकलित किए हैं। अधिकारियों का कहना है कि मौके से मिले पुख्ता सबूतों के आधार पर संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस छापामार कार्रवाई दल में अनुविभागीय अधिकारी, मेडिकल ऑफिसर, ड्रग इंस्पेक्टर एवं अमोद श्रीवास मुख्य रूप से उपस्थित रहे। प्रशासन की इस अचानक हुई कार्रवाई से क्षेत्र के अवैध रूप से क्लीनिक और क्लीनिकल प्रैक्टिस करने वाले तत्वों में हड़कंप मच गया है।









