तीन संतान नियम निरस्त होने पर शिक्षकों ने मनाया जश्न

तीन संतान नियम निरस्त होने पर शिक्षकों ने मनाया जश्न

कैबिनेट मंत्री संपतिया उईके का किया अभिनंदन

  • ब्लैकमेलिंग और तनाव से मिली मुक्ति
  • ट्राइबल वेलफेयर टीचर्स एसोसिएशन का आभार कार्यक्रम संपन्न

मंडला महावीर न्यूज 29. मध्य प्रदेश शासन द्वारा तीन संतान से संबंधित नियम को निरस्त किए जाने पर ट्राइबल वेलफेयर टीचर्स एसोसिएशन की जिला इकाई द्वारा कैबिनेट मंत्री श्रीमती संपतिया उईके का एक भव्य धन्यवाद एवं अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में आदर्श ग्राम पंचायत की सरपंच डॉ. श्रद्धा उइके करवेती एवं जिला पंचायत सदस्य शैलेष मिश्रा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत एसोसिएशन की परंपरा के अनुसार कॉपी-पेन और स्मृति चिन्ह भेंट कर किया गया।

मानसिक तनाव और ब्लैकमेलिंग का हुआ अंत 

कार्यक्रम में प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए जिला उपाध्यक्ष मोहन यादव ने बताया कि तीन संतान नियम के कारण जिले के अनेक शिक्षक और उनके परिवार लंबे समय से भारी मानसिक तनाव में थे। स्थिति यह थी कि कुछ तथाकथित तत्वों द्वारा नौकरी से बर्खास्तगी के नाम पर प्रभावित शिक्षकों को ब्लैकमेल भी किया जा रहा था। इस कठिन समय में एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष डी.के. सिंगौर एवं जिला अध्यक्ष दिलीप मरावी ने इस समस्या को जड़ से समाप्त करने का संकल्प लिया। मंत्री श्रीमती संपतिया उईके के माध्यम से यह संवेदनशील विषय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और सामान्य प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव संजय शुक्ला के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाया गया, जिसके सुखद परिणाम स्वरूप शासन ने इस नियम को समाप्त कर दिया।

मानव गरिमा के विपरीत था अव्यवहारिक नियम 

एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष डीके सिंगौर ने अपने उद्बोधन में कहा कि तीन संतान नियम के कारण कई व्यावहारिक समस्याएं उत्पन्न हो रही थीं, जो मानव गरिमा के विपरीत थीं। परिवार का आकार प्रत्येक व्यक्ति का निजी विषय है और इस प्रावधान को हटाना एक न्यायसंगत व मानवीय निर्णय है। इस दौरान तीन संतान मामले में विशेष प्रयासों के लिए प्रदेश अध्यक्ष व जिला अध्यक्ष का भी विशेष सम्मान किया गया।

भविष्य में भी हितों की रक्षा का मिला भरोसा, सौंपे दो ज्ञापन 

अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री श्रीमती संपतिया उईके ने एसोसिएशन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस ऐतिहासिक निर्णय से न केवल शासकीय कर्मचारियों को बल्कि चुनावों में भाग लेने वाले उम्मीदवारों को भी बड़ा लाभ मिला है। उन्होंने शिक्षकों को भविष्य में भी हितों की रक्षा का आश्वासन दिया। कार्यक्रम के दौरान एसोसिएशन द्वारा टीईटी संबंधी समस्याओं को लेकर मंत्री जी को दो ज्ञापन भी सौंपे गए, जिस पर उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री और मुख्यमंत्री से चर्चा कर शीघ्र समाधान निकालने का भरोसा दिलाया। इस सफल आयोजन में जिला कोषाध्यक्ष शिवराम मरकाम, उपाध्यक्ष गंगाराम यादव, सुनील नामदेव, राजश्री सर्वटे, कामेश्वरी सोयाम सहित एसोसिएशन के सभी पदाधिकारियों व प्रभावित शिक्षकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। मंच संचालन जिला अध्यक्ष दिलीप मरावी ने किया एवं आभार प्रदर्शन सरिता सिंह द्वारा किया गया।


Leave a Comment