विशाल रक्तदान शिविर में हुआ 105 यूनिट रक्तदान

अनोखी पहल-योग दिवस पर मंडला में सेवा और समर्पण का महासंगम

विशाल रक्तदान शिविर में हुआ 105 यूनिट रक्तदान

  • कलेक्टर राहुल नामदेव और जिला पंचायत सीईओ शाश्वत सिंह ने किया रक्तदान
  • युवाओं को मिला सेवा का संदेश

मंडला महावीर न्यूज 29. अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मंडला जिले में स्वास्थ्य, योग और मानवीय संवेदनाओं का एक अनोखा संगम देखने को मिला। माँ नर्मदा के पावन तट माहिष्मती घाट सहित विभिन्न स्थानों पर स्वास्थ्य एवं जनकल्याण को समर्पित विशाल रक्तदान शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों का विधिवत शुभारंभ प्रदेश की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उईके ने किया। उन्होंने इस पहल को मानव सेवा और सामाजिक सरोकार का एक उत्कृष्ट उदाहरण बताया।जिलेवासियों ने इस पुनीत कार्य में उत्साहपूर्वक सहभागिता दर्ज कराते हुए कुल 105 यूनिट रक्त संग्रह किया। इसमें ज्ञानदीप स्कूल से 58 यूनिट, माहिष्मती घाट से 42 यूनिट और जिला चिकित्सालय से 5 यूनिट रक्त संकलित हुआ।

कलेक्टर और सीईओ ने स्वयं रक्तदान कर बढ़ाया हौसला 

शिविर के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने खुद आगे बढ़कर मिसाल पेश की। कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे ने जिला चिकित्सालय स्थित ब्लड बैंक पहुंचकर स्वेच्छा से रक्तदान किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि योग जहाँ शरीर और मन को स्वस्थ रखता है, वहीं रक्तदान मानवता और सेवा की भावना को सशक्त बनाता है। प्रत्येक सक्षम नागरिक को इस नैतिक जिम्मेदारी को निभाते हुए नियमित रक्तदान करना चाहिए क्योंकि यह किसी अनजान को नया जीवन देने का माध्यम है। इसी तरह माहिष्मती घाट पर आयोजित शिविर में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी शाश्वत सिंह मीना ने भी रक्तदान कर इसे जीवनदान की संज्ञा दी। प्रशासन की ओर से रंजित गुप्ता, अनूप नामदेव और पुलिस विभाग से एसडीओपी पीयूष मिश्रा ने भी स्वेच्छा से रक्तदान कर युवाओं को इस नेक कार्य के लिए प्रेरित किया।

स्वास्थ्य अमला और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद 

इस विशेष सेवा शिविर के दौरान जिला पंचायत सदस्य शैलेष मिश्रा, सीएमएचओ डॉ. डीजे मोहंती, सिविल सर्जन डॉ. सीएस धुर्वे सहित जिला चिकित्सालय के विशेषज्ञ चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी और ब्लड बैंक का पूरा स्टाफ मुस्तैद रहा, जिनके कुशल प्रबंधन से यह विशाल आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।


Leave a Comment