अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-माहिष्मती घाट पर उमड़ा जनसैलाब

175 से अधिक देशों तक पहुंची भारतीय परंपरा-मंत्री श्रीमती उईके

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस- माहिष्मती घाट पर उमड़ा जनसैलाब

  • मंत्री संपतिया उईके बोलीं पीएम मोदी के प्रयासों से योग को मिली वैश्विक पहचान
  • नर्मदा तट पर कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे ने किए कठिन मयूरासन और शीर्षासन
  • हजारों नागरिकों ने किया सामूहिक योगाभ्यास

मंडला महावीर न्यूज 29. अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को माँ नर्मदा के पावन तट माहिष्मती घाट पर जिला स्तरीय सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस गौरवमयी कार्यक्रम में प्रदेश की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उईके मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और हजारों नागरिकों के साथ मिलकर योगाभ्यास किया और स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि श्रीमती संपतिया उईके ने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य धरोहर है, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सतत प्रयासों से आज वैश्विक पहचान मिली है। आज विश्व के 175 से भी अधिक देशों में योग को अपनाया जा रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि भागदौड़ और तनावपूर्ण जीवनशैली में योग शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य का सबसे प्रभावी माध्यम है, जिसे हर व्यक्ति को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करना चाहिए।

कलेक्टर ने किया मयूरासन और शीर्षासन 

कार्यक्रम के दौरान मंडला कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे ने नर्मदा तट के प्राकृतिक सौंदर्य के बीच शीर्षासन एवं मयूरासन जैसे कठिन आसनों का प्रभावशाली प्रदर्शन कर सभी को अचंभित और प्रेरित किया। कलेक्टर श्री धोटे ने नागरिकों से आह्वान किया कि योग को केवल एक दिन के आयोजन तक सीमित न रखें, बल्कि इसे जीवनशैली का हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा कि नियमित अभ्यास, धैर्य और दृढ़ संकल्प से जीवन के किसी भी असंभव लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।

कोलकाता से हुआ सीधा प्रसारण 

आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रियंका धुर्वे एवं योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में उपस्थितजनों ने सूर्य नमस्कार, ताड़ासन, वज्रासन सहित विभिन्न प्राणायामों का अभ्यास किया। कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल के कोलकाता में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के योग दिवस कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी दिखाया गया, जिसमें सभी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उद्बोधन सुना। इस आयोजन में वरिष्ठ समाजसेवी प्रफुल्ल मिश्रा, नगर पालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, जिला पंचायत सदस्य शैलेष मिश्रा, अपर कलेक्टर राजेंद्र कुमार सिंह, जिला पंचायत सीईओ शाश्वत सिंह मीना सहित सभी विभागों के आला अधिकारी, जनप्रतिनिधि, मीडियाकर्मी और भारी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।


रिपोर्टर- रितेश पमनानी


Leave a Comment