दो डंपरों की आपस में टक्कर के बाद मकान में घुसा वाहन

घुघरी के बर्राटोला में भीषण सड़क हादसा

दो डंपरों की आपस में टक्कर के बाद मकान में घुसा वाहन

  • पीछे से आ रहे डंपर ने मारी जोरदार टक्कर
  • अनियंत्रित होकर रिहायशी मकान में घुसी गाड़ी, टला बड़ा हादसा

मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले के घुघरी मुख्यालय के समीपवर्ती ग्राम बर्राटोला में 20 जून की रात करीब 10 बजे एक बड़ा सड़क हादसा होने से बाल-बाल टल गया। यहाँ दो डंपरों की आपसी भिड़ंत के बाद एक तेज रफ्तार डंपर अनियंत्रित होकर सीधे एक रिहायशी मकान में जा घुसा। गनीमत यह रही कि हादसे के वक्त घर के उस हिस्से में कोई भी सदस्य मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ी जनहानि होने से बच गई।

पीछे से आ रहे डंपर ने मारी टक्कर, चालक ने खोया नियंत्रण

प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त डंपर सामग्री से पूरी तरह से ओवरलोड था। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक अन्य तेज रफ्तार डंपर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। पीछे से लगी इस भीषण टक्कर के कारण आगे चल रहे डंपर का चालक वाहन पर से अपना नियंत्रण खो बैठा। नतीजा यह हुआ कि अनियंत्रित गाड़ी सीधे सड़क किनारे बने एक मकान में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मकान का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

मौके पर जुटी भारी भीड़, पुलिस ने संभाला मोर्चा

रात के समय हुए इस धमाके की आवाज सुनकर मौके पर स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही घुघरी थाना पुलिस तत्काल दल-बल के साथ मौके पर पहुँची और स्थिति को संभालते हुए भीड़ को नियंत्रित किया।

पोकलेन की मदद से निकाला गया क्षतिग्रस्त वाहन

राहत कार्य शुरू करते हुए पुलिस की मौजूदगी में तत्काल एक पोकलेन मशीन को मौके पर बुलाया गया। पोकलेन की सहायता से पहले डंपर में लोड सामग्री को खाली कराया गया, जिसके बाद क्रेन और पोकलेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन को मकान के मलबे से अलग कर बाहर निकाला गया। घुघरी पुलिस ने दोनों वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है और चालकों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।


रिपोर्टर- दुर्गेश प्रजापति घुघरी ✍️


Leave a Comment