अनियंत्रित तेज रफ्तार डंपर मकान और दुकान में घुसा

नैनपुर के ईश्वरपुर में अनियंत्रित तेज रफ्तार डंपर मकान और दुकान में घुसा

पलटने से भारी नुकसान, बड़ा हादसा टला

  • भीषण टक्कर से दुकान के उड़े परखच्चे
  • बाल-बाल बचीं बुजुर्ग महिला

मंडला महावीर न्यूज 29. नैनपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम ईश्वरपुर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब मंडला की ओर से आ रहा एक तेज रफ्तार डंपर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने एक मकान और दुकान में जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि डंपर वहीं पर पलट गया, जिससे दुकान का शटर और दीवारें पूरी तरह जमींदोज हो गईं। गनीमत यह रही कि इस भीषण हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और मकान में मौजूद सदस्य सुरक्षित बच गए।

नींद की झपकी या स्टीयरिंग लॉक होने की आशंका 

जानकारी अनुसार मंडला की दिशा से आ रहा डंपर अचानक नियंत्रण खो बैठा। स्थानीय लोगों द्वारा आशंका जताई जा रही है कि दुर्घटना का कारण चालक को नींद की झपकी आना या वाहन का स्टीयरिंग अचानक लॉक हो जाना हो सकता है। हालांकि हादसे की वास्तविक वजह क्या थी, इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो पाएगी।

साइकिल रिपेयरिंग और जूते-चप्पल की दुकान क्षतिग्रस्त 

यह दर्दनाक हादसा देवेंद्र अहिरवार की 56 वर्षीय नानी हिरन बाई अहिरवार के मकान में हुआ। मकान के सामने वाले हिस्से में साइकिल रिपेयरिंग और जूते-चप्पल की दुकान संचालित की जा रही थी, जिसे इस टक्कर से भारी नुकसान पहुंचा है। दुकान का शटर और दीवारें पूरी तरह टूट चुकी हैं। अच्छी बात यह रही कि दुर्घटना के समय दुकान बंद थी और वहां कोई ग्राहक या परिवार का सदस्य मौजूद नहीं था। गृहस्वामी हिरन बाई मकान के दूसरे हिस्से में थीं, जिसके कारण वे पूरी तरह सुरक्षित रहीं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि यह हादसा दिन के समय या दुकान खुली होने के दौरान होता, तो बड़ी जनहानि हो सकती थी।

मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू 

हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और नैनपुर थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर डंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।


Leave a Comment